राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नगर परिषद डोला, हर्षोल्लास से मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस
1 min read
देशभक्ति का जज्बा, बच्चों की प्रतिभा और तिरंगे का गौरव—यही है डोला की पहचान
यशपाल जाट, अनुपपुर

डोला। नगर परिषद डोला में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उत्साह और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ गरिमामय वातावरण में मनाया गया। समारोह में नगर परिषद अध्यक्ष रीनू सुरेश कोल ने ध्वजारोहण किया। उपाध्यक्ष रविशंकर तिवारी सहित पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, विद्यार्थी, पत्रकार एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी लखनलाल पनिका के मार्गदर्शन में नगर परिषद के शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, गायन, नृत्य एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों से पूरा नगर परिषद परिसर देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया और उपस्थित लोगों ने तालियों से विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया।
बच्चों की प्रतिभा को मिला सम्मान
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को जनप्रतिनिधियों द्वारा उपहार भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया गया।
जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की रही मौजूदगी
समारोह में पार्षद अवधेश राय, रुकमून, सिरवन, पंकज दुबे, संतोष सिंह, तेरसिया बाई, गोविंद प्रजापति, जगदीश, प्रीति सिंह एवं पवन कुमार, पार्षद पति शैलेश प्रताप सिंह एवं सुरेश कोल, एल्डरमैन बैजनाथ मेहता तथा कांग्रेस मंडल अध्यक्ष राहुल सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इसके अलावा नगर के प्रतिष्ठित नागरिक राजू यादव, अनुराग सिंह, रामनगर थाना के सब-इंस्पेक्टर कमलेश, अंत्योदय समिति के सदस्य राजधर दुबे एवं अनिल साव सहित पत्रकार एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।
स्वतंत्रता दिवस समारोह ने नगरवासियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता, भाईचारे और देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संदेश दिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर नगर परिषद डोला के अधिकारी-कर्मचारियों ने सभी जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, पत्रकारों एवं नगरवासियों का आभार व्यक्त किया।

Subscribe to my channel