शहडोल संसदीय क्षेत्र में सड़क विस्तार की नई उम्मीदें, सांसद हिमाद्री सिंह ने गडकरी को सौंपा मांग पत्र
1 min read
यशपाल जाट, अनुपपुर
शहडोल/अनूपपुर। शहडोल संसदीय क्षेत्र में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने और भविष्य की यातायात आवश्यकताओं को देखते हुए सांसद हिमाद्री सिंह ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर विभिन्न महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं के विस्तार एवं निर्माण की मांग रखी। सांसद ने क्षेत्र की आवश्यकताओं से संबंधित मांग पत्र केंद्रीय मंत्री को सौंपते हुए परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया।

सांसद हिमाद्री सिंह ने शहडोल के पुराने बाईपास मार्ग को आकाशवाणी, जयस्तंभ, बाणगंगा और बस स्टैंड होते हुए गोरतरा तक डिवाइडर सहित 4-लेन सड़क के रूप में विकसित करने की मांग रखी। इसके अलावा शहडोल एवं अनूपपुर शहर के चारों ओर रिंग रोड निर्माण, प्रयागराज-मऊगंज-सीधी-जनकपुर-अनूपपुर-जैतहरी-बिलासपुर तक राष्ट्रीय राजमार्ग तथा वाराणसी से रीवा, शहडोल होते हुए अमरकंटक तक राजमार्ग विकसित करने का प्रस्ताव रखा।
सांसद ने पर्यटन एवं क्षेत्रीय आवागमन की दृष्टि से महत्वपूर्ण कान्हा-मंडला-शाहपुरा-उमरिया-बांधवगढ़-मैहर-पन्ना को जोड़ने वाले टूरिस्ट एक्सप्रेस-वे तथा कटनी-उमरिया-शहडोल-कोतमा होते हुए मनेंद्रगढ़ तक 4-लेन हाईवे निर्माण को भी स्वीकृति देने का आग्रह किया।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सांसद द्वारा रखी गई मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए डीपीआर प्राप्त होने के बाद परियोजनाओं को स्वीकृति देने का आश्वासन दिया। वहीं शहडोल के पुराने बाईपास मार्ग के संबंध में तत्काल स्वीकृति प्रदान किए जाने की जानकारी दी गई। इन परियोजनाओं के मूर्त रूप लेने से शहडोल संसदीय क्षेत्र में सड़क संपर्क बेहतर होने तथा आवागमन सुगम होने की उम्मीद है।
वेंकटनगर में नर्मदा एक्सप्रेस के ठहराव को भी स्वीकृति
सांसद हिमाद्री सिंह के अनुरोध पर वेंकटनगर रेलवे स्टेशन पर बिलासपुर-इंदौर नर्मदा एक्सप्रेस ट्रेन क्रमांक 18233/18234 के ठहराव को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा स्वीकृति प्रदान किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। ट्रेन के ठहराव से क्षेत्र के यात्रियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
सड़क और रेल सुविधाओं से जुड़े इन प्रस्तावों को शहडोल संसदीय क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। सांसद हिमाद्री सिंह द्वारा क्षेत्र की सड़क, रेलवे एवं अन्य विकास संबंधी आवश्यकताओं को लगातार केंद्र एवं राज्य सरकार के समक्ष उठाया जाता रहा है।
उपरोक्त जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राजेश सिंह द्वारा दी गई।
Subscribe to my channel