भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती, जनजातीय बाहुल्य ग्राम बांका में हुआ भव्य आयोजन
1 min read

दीनदयाल शोध संस्थान ने ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाई भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती, जनजातीय बाहुल्य ग्राम बांका में हुआ भव्य आयोजन
मेधावी छात्रों एवं आदर्श अभिभावकों सहित उत्कृष्ट शिक्षकों व प्रगतिशील कृषकों का हुआ सम्मान
नशा मुक्त ग्राम और नशा मुक्त जीवन के लिए 5 सूत्रीय शपथ के साथ नशा मुक्त समाज के निर्माण का लिया गया संकल्प
मानस पाठ, हवन पूजन उपरांत भंडारा प्रसाद का हुआ आयोजन
स्कूल शिक्षा मंत्री द्वारा बिरसिंहपुर में सांदीपनी विद्यालय खोलने की हुई घोषणा

चित्रकूट-मझगवां- जनजातीय गौरव वर्ष के अंतर्गत भगवान बिरसा मुंडा की जयंती अवसर पर दीनदयाल शोध संस्थान द्वारा ‘जनजातीय गौरव पखवाड़ा’ पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यह आयोजन जनजातीय गौरव वर्ष के अंतर्गत भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती को समर्पित रहा।
इसके अन्तर्गत बड़ा और वृहद आयोजन रविवार को जय बिरसा मुंडा शोध समिति बांका के सहयोग से मझगवां जनपद के जनजातीय बाहुल्य ग्राम बांका में सम्पन्न हुआ। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश सरकार के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह एवं मध्य प्रदेश राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष श्री रामलाल रौतेल एवं कार्यक्रम के अध्यक्ष सामाजिक कार्यकर्ता श्री चूणामणि सिंह, विशिष्ट अतिथि नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी, सतना सांसद श्री गणेश सिंह, चित्रकूट विधायक श्री सुरेंद्र सिंह गहरवार, दीनदयाल शोध संस्थान के संगठन सचिव श्री अभय महाजन, जिला पंचायत अध्यक्ष सतना श्री रामखेलावन कोल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सतना श्रीमति सुष्मिता सिंह परिहार, भाजपा सतना के जिलाध्यक्ष श्री भगवती प्रसाद पाण्डेय, जिला पंचायत सदस्य श्री संजय सिंह कछवाह, जनपद सदस्य एवं अध्यक्ष जय बिरसा मुंडा शोध समिति बांका श्रीमति सोना बाई सिंह, सरपंच बांका श्री वैजनाथ प्रजापति सहित कलेक्टर सतना डॉ सतीश कुमार एस, पुलिस अधीक्षक सतना श्री हंसराज सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भगवान बिरसा मुंडा की विशाल प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं सभी के द्वारा पुष्पांजलि अर्पित कर हुआ।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों ने नाट्य के माध्यम से नशा मुक्ति का दिया संदेश
जनजातीय संस्कृति एवं परंपरा पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का मंचन किया गया। विद्यालय के बच्चों ने अपने पारंपरिक वेश में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। जिसमें कृष्णा देवी बनवासी बालिका विद्यालय की बच्चियों द्वारा छत्तीसगढ़ के भुईया मा धान के कटोरा लोक नृत्य की प्रस्तुति, जीना है तो पापा शराब मत पीना नाट्य की प्रस्तुति, सीएम राइस विद्यालय मझगवां के छात्रों द्वारा हमीन आदिवासी रे नृत्य, कपूर एजुकेशन एकेडमी विद्यालय के छात्रों द्वारा जेहि रखे तीर कमान दुनिया वाल हम तो आदिवासी आन की प्रस्तुति, ज्ञानोदय हाई स्कूल बिरसिंहपुर के छात्रों द्वारा नशा मुक्ति पर नाटक, लिटिल फ्लावर बिरसिंहपुर के छात्रों द्वारा बिरसा मुंडा जी पर नाट्य, रामनाथ आश्रम शाला के बच्चों द्वारा लोक नृत्य दिवारी की आकर्षक प्रस्तुति दी गई। सभा स्थल के प्रमुख मंच के दाहिने तरफ संत समाज के लिए अलग से मंच बनाया गया और वहीं दूसरी ओर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के ही अंतर्गत 6 विद्यालयों के बच्चों द्वारा मनमोहक आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई।

इस दौरान मंचासीन अतिथियों द्वारा जनपद पंचायत मझगवां के सहयोग से मेधावी छात्र-छात्राओं एवं आदर्श अभिभाव कों का सम्मान किया गया, इसके अलावा उत्कृष्ट शिक्षकों का सम्मान तथा प्रगतिशील कृषकों का सम्मान व वॉलीबॉल प्रतियोगिता में प्रतिभागी टीमों को पुरस्कृत किया गया।

‘जनजातीय गौरव पखवाड़ा’ के अन्तर्गत दीनदयाल शोध संस्थान द्वारा किए गए कार्यों की रुपरेखा स्वावलंबन अभियान के प्रभारी डॉ अशोक पाण्डेय द्वारा रखी गई।
सतना सांसद श्री गणेश सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि पूरा देश भगवान बिरसा मुंडा की 151 वी जयंती को उत्सव के रूप में मना रहा है। बिरसा मुंडा भारत के लिए स्वाभिमान गौरव सांस्कृतिक एकता और स्वतंत्रता के प्रतीक थे।
जय बिरसा मुंडा शोध समिति बांका की अध्यक्ष श्रीमति सोना बाई सिंह ने अपने उद्बोधन में पूरे जनजातीय समुदाय से नशा मुक्ति का आह्वान किया।
नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने कहा कि धर्म बदलने से नहीं शिक्षा ग्रहण करने से जीवन और समाज बदलता है। भगवान बिरसा मुंडा ने धर्मांतरण को नकारते हुए जल, जंगल और जमीन के रक्षार्थ अपने प्राणों की आहुति दी। राज्यमंत्री ने कहा कि सरकार जनजाति वर्ग के कल्याण के लिए हमेशा प्रतिबद्ध है।
मध्य प्रदेश राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष श्री रामलाल रौतेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि धर्मांतरण के माध्यम से जनजातीय समाज को सनातन परंपरा से अलग करने का प्रयास किया जा रहा है। इस विघटनकारी षणयंत्र से हमें बचना होगा।
मध्य प्रदेश सरकार के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि केंद्र सरकार आदिवासी समाज के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में 15 नवंबर 2021 से शुरू हुआ ‘जनजातीय गौरव दिवस’ आज एक राष्ट्रीय उत्सव बन गया है। भारत रत्न नानाजी देशमुख का प्रकल्प दीनदयाल शोध संस्थान भी जनजातीय समाज के उत्थान के लिए विशेष पहल कर रहा है, उसका उत्कृष्ट उदाहरण मझगवां स्थित कृष्णा देवी वनवासी बालिकाओं का विद्यालय है। इस मौके पर स्कूल शिक्षा मंत्री ने मंच से बिरसिंहपुर में भी सांदीपनी विद्यालय खोलने की घोषणा की।
विधायक चित्रकूट श्री सुरेंद्र सिंह गहरवार ने कहा कि जो व्यक्ति देश और समाज के लिए समर्पित भाव से जीता है, उसी को भगवान का दर्जा दिया जाता है। उन्होंने जनजातीय समाज में नशा की बढ़ रही कुसंगति पर अपना खेद व्यक्त किया, और कहा कि नशा एक ऐसा सामाजिक अभिशाप है जिससे कोई भी समाज स्वस्थ प्रगति करने में असफल रहता है।
कार्यक्रम के अंत में सामाजिक कार्यकर्ता श्री चूणामणि सिंह ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में सभी अतिथियों और क्षेत्र वासियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर नशा मुक्त ग्राम और नशा मुक्त जीवन के लिए मंच से कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों के बीच 5 सूत्रीय शपथ दिलवाई गई। जिसमें नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के उपरांत भंडारा प्रसाद का आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों की तादात में आए जनजातीय बंधुओं एवं दूर-दराज से आए लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

जेएसएस एवं केवीके ने ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाई भगवान बिरसा मुंडा जयंती
जनजातीय कोल समाज ने लिया कुपोषण मुक्त परिवार बनाने का संकल्प
मानिकपुर क्षेत्र के 63 ग्रामों में जनजातीय परिवार के हर घर-आंगन में पोषण वाटिका की नई पहल
वहीं एक अन्य कार्यक्रम जन शिक्षण संस्थान एवं कृषि विज्ञान केन्द्र गनीवां ने संयुक्त रूप से ग्राम जारोमाफी में बड़े हर्षोल्लास से ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाया। कार्यक्रम में डॉ राजेन्द्र सिंह नेगी केंद्र प्रमुख एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक तुलसी कृषि विज्ञान केंद्र गनीवां, अनिल कुमार सिंह निदेशक जन शिक्षण संस्थान, मुन्ना वर्मा, राजकिशोर द्विवेदी गोपीपुर प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

जनजातीय गौरव दिवस पर कृषि विज्ञान केंद्र चित्रकूट एवं जन शिक्षण संस्थान की संयुक्त पहल से 63 ग्रामों में पोषण वाटिका की मुहिम पहुंचेगी। इस दौरान जनजातीय कोल समाज के कृषक परिवारों ने अपने परिवार को कुपोषण मुक्त बनाने तथा पोषणयुक्त आहार अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनजातीय परिवारों में पोषण, स्वास्थ्य एवं संतुलित आहार के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा प्रत्येक घर में पोषण वाटिका विकसित करने के लिए प्रेरित करना रहा। चित्रकूट जनपद के मानिकपुर क्षेत्र के 63 ग्रामों में निवासरत कोल समाज के परिवारों को इस अभियान से जोड़ने की पहल की गई।

इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र चित्रकूट द्वारा जनजातीय कृषक परिवारों को पोषकीय गृह वाटिका विकसित करने के लिए सब्जियों की बीज किट उपलब्ध कराई गई। इन किटों के माध्यम से परिवार अपने घर के आंगन, खाली स्थान अथवा उपलब्ध भूमि पर मौसमी हरी सब्जियों का उत्पादन कर सकेंगे। इससे परिवारों को वर्षभर ताजी एवं पौष्टिक सब्जियां उपलब्ध कराने के साथ बाजार पर निर्भरता कम करने में भी मदद मिलेगी।

भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, स्वाभिमान, प्रकृति संरक्षण एवं जनजातीय समाज के उत्थान के विचारों को स्मरण करते हुए उपस्थित कृषक परिवारों ने अपने घरों में पोषण वाटिका स्थापित करने और परिवार को संतुलित एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संदेश स्पष्ट है—मानिकपुर क्षेत्र के 63 ग्रामों में पोषण की नई पहल को जन-आंदोलन का स्वरूप देना और हर जनजातीय परिवार के घर-आंगन को पोषण वाटिका से जोड़ना।

Subscribe to my channel