November 16, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

सतनाम भवन पामगढ़ में धूमधाम से मनाई गई धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती, युवाओं ने लिया समाज सेवा और नशामुक्ति का संकल्प!

1 min read
Spread the love

जांजगीर-चांपा/पामगढ़। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर 15 नवंबर को सतनाम भवन पामगढ़ में क्रांतिकारी जननायक एवं महान आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा संचालित मेरा युवा भारत (MY Bharat) के अंतर्गत जिला युवा अधिकारी (DYO) प्रतिष्ठा माथुर के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में अतिथियों ने भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गौरी छोटू जांगड़े उपस्थित रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथियों में वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता विभीषण पात्रे, डमरू प्रसाद मनहर, आमना बेगम, शासकीय प्राथमिक शाला लोहर्सी के प्रधान पाठक गणेश बंजारे, सुकृता रात्रे एवं पीसीआई इंडिया के जिला समन्वयक अनिल टंडन शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों एवं युवाओं ने नृत्य और कविता की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। नृत्य प्रतियोगिता में हर्षिखा ने प्रथम एवं खुशी जांगड़े ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं कविता प्रतियोगिता में दीपशिखा टंडन प्रथम तथा सालेहा द्वितीय स्थान पर रहीं।

युवाओं को बिरसा मुंडा के संघर्षों से प्रेरणा लेने का संदेश:

मुख्य अतिथि श्रीमती गौरी छोटू जांगड़े ने अपने उद्बोधन में भगवान बिरसा मुंडा के संघर्षपूर्ण जीवन का वर्णन करते हुए कहा कि युवाओं को जिस भी क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिले, वहां अपनी अलग पहचान बनानी चाहिए। भगवान बिरसा मुंडा ने किशोर अवस्था से ही जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष किया तथा अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाई। उन्होंने अपने अधिकारों और सामाजिक समानता के लिए संघर्ष किया। इसी कारण आज पूरा देश उन्हें धरती आबा के नाम से जानता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और समाज के विकास में योगदान देने की अपील की।

विशिष्ट अतिथि विभीषण पात्रे ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती केवल औपचारिक आयोजन तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। सभी को उनके जीवन परिचय और संघर्षों के बारे में पढ़ना एवं समझना चाहिए। जब हम उनके विचारों और संघर्षों को जानेंगे, तभी उनके आदर्शों पर चल सकेंगे।वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता डमरू प्रसाद मनहर ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की आयु में महान आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी एवं लोकनायक के रूप में अपनी पहचान स्थापित की। उन्हें धरती आबा अर्थात धरती का पिता कहा जाता है। उनका संघर्षपूर्ण जीवन आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।

प्रधान पाठक गणेश बंजारे ने कहा कि हमें ऐसे महान महापुरुष की जयंती मनाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ, जिन्हें धरती आबा के नाम से जाना जाता है। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समाज में सकारात्मक कार्य करने की आवश्यकता है।

पीसीआई इंडिया के जिला समन्वयक अनिल टंडन ने कहा कि महापुरुषों का संघर्ष हमें समाजहित में कार्य करने की प्रेरणा देता है। युवा किसी भी समाज की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए युवाओं को सामाजिक और रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए।

वहीं सामाजिक कार्यकर्ता आमना बेगम ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्षों से भरा रहा। महिलाओं को भी अपने हक और अधिकारों के प्रति जागरूक रहना चाहिए तथा अधिकारों का उल्लंघन होने पर उसके खिलाफ आवाज उठानी चाहिए।

रैली निकालकर दिया जनजातीय गौरव का संदेश:

भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जागरूकता रैली भी निकाली गई। रैली में क्षेत्र की महिला कमांडो की सराहनीय सहभागिता रही। रैली के माध्यम से जनजातीय गौरव, सामाजिक जागरूकता और महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।

युवाओं के सहयोग से सफल हुआ आयोजन:

कार्यक्रम का आयोजन यूनिशा मेरा युवा भारत (NYV) द्वारा किया गया। आयोजन को सफल बनाने में अनुभा दिनकर, सरिता दिनकर सहित जीनियस यूथ क्लब के रोशन साहू, गुलशन सारथी, जोगेंद्र साहू, रोशन सारथी, खिलेंद्र, प्रियांशु एवं यूनिश टंडन का विशेष सहयोग रहा।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं युवाओं ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और विचारों को आत्मसात करते हुए समाजहित में कार्य करने तथा युवाओं को नशामुक्त और जागरूक बनाने का संदेश दिया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp