ग्रामोदय विश्वविद्यालय में नवप्रवेशित पीएच.डी. शोधार्थियों का दीक्षारंभ कार्यक्रम संपन्नकुलगुरु प्रो. आलोक चौबे ने सामाजिक सरोकारों एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर शोध करने के लिए किया प्रेरित
1 min read

चित्रकूट- 18 नवंबर 2026 महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय के सी.एम.सी.एल.डी.पी. सभागार में प्रवेश सत्र 2026-27 के नवप्रवेशित पीएच.डी. शोधार्थियों का दीक्षारंभ कार्यक्रम आज कुलगुरु प्रो. आलोक चौबे की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन पीएच.डी. पाठ्यक्रम के वरिष्ठ शोधार्थियों द्वारा किया गया। इसमें नवागंतुक शोधार्थियों का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें शोध की अकादमिक परंपराओं, शोध प्रविधियों और विश्वविद्यालय के मूल उद्देश्यों से परिचित कराया गया।

कार्यक्रम का संचालन शोधार्थी जय नारायण पांडेय ने किया। शोधार्थियों ने आयोजन में सक्रिय सहभागिता करते हुए नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में निदेशक, शोध निदेशालय प्रो. सुधाकर प्रसाद मिश्रा ने कुलगुरु प्रो. आलोक चौबे का शॉल एवं श्रीफल भेंटकर स्वागत किया। इसके पश्चात कुलसचिव प्रो. आंजनेय पांडेय एवं उपस्थित संकायों के अधिष्ठाताओं का पूर्व सत्र के शोधार्थियों द्वारा पुष्पगुच्छ भेंटकर अभिनंदन किया गया।
नवप्रवेशित शोधार्थियों को संबोधित करते हुए कुलगुरु प्रो. आलोक चौबे ने कहा कि चित्रकूट की पावन भूमि भगवान श्रीराम के वनवास काल से जुड़े प्रेरणादायी प्रसंगों की साक्षी रही है। वहीं विश्वविद्यालय के संस्थापक भारत रत्न नानाजी देशमुख का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा एवं समाज के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण है। इन प्रेरणाओं से सामाजिक मूल्यों और उत्तरदायित्वों को आत्मसात करते हुए शोधार्थियों को समाज की वास्तविक समस्याओं एवं आवश्यकताओं से जुड़े विषयों पर शोध कार्य करना चाहिए। उन्होंने शोध को केवल अकादमिक उपाधि प्राप्त करने का माध्यम न मानकर समाज एवं राष्ट्र के विकास में सार्थक योगदान का जरिया बनाने का आह्वान किया।

कुलसचिव प्रो. आंजनेय पांडेय ने शोध कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए शोध प्रविधियों तथा आधुनिक तकनीकों के व्यावहारिक ज्ञान के महत्व को विस्तार से समझाया। उन्होंने शोधार्थियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण, विषय की गहन समझ और नवीन तकनीकों के प्रभावी उपयोग के साथ शोध कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
निदेशक, शोध एवं विकास प्रो. सुधाकर प्रसाद मिश्रा ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के शोध संबंधी प्रावधानों, नियमों एवं परिनियमों की जानकारी देते हुए शोधार्थियों को निर्धारित नियमों का पालन करने तथा नियमित उपस्थिति की अनिवार्यता से अवगत कराया।
इस अवसर पर शोध निदेशालय के सुशील मिश्रा ने विश्वविद्यालय के बोध वाक्य ‘विश्वं ग्रामे प्रतिष्ठम्’ तथा वेदों में वर्णित ग्राम की अवधारणा के संदर्भ में चित्रकूट के प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक परिवेश को शोध कार्यों के लिए अनुकूल बताते हुए शोधार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कुलगुरु प्रो. आलोक चौबे एवं अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। छात्राओं द्वारा वंदे मातरम् का गायन किया गया तथा कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Subscribe to my channel