पीएम आवास की धीमी प्रगति पर कलेक्टर सख्त, लापरवाह अधिकारियों-कर्मचारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश!
1 min read
जांजगीर-चांपा, 18 नवंबर 2026। जिले में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के लिए कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टोरेट के संकल्प सभाकक्ष में आयोजित बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), विकसित भारत जी राम जी योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान), स्वच्छ भारत मिशन सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

पीएम आवास की धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी:
समीक्षा बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों, पीएम आवास ब्लॉक कोऑर्डिनेटरों एवं तकनीकी सहायकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि शासन की इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए जनपद पंचायत एवं ग्राम पंचायतवार नियमित मॉनिटरिंग की जाए और निर्माणाधीन आवासों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराया जाए।

उन्होंने अब तक निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं करने वाले स्वीकृत आवासों की ग्राम पंचायतवार विस्तृत रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। साथ ही हितग्राहियों को निर्माण में आ रही समस्याओं का त्वरित निराकरण कर आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने को कहा।
विकसित भारत जी राम जी योजना में तेजी लाने के निर्देश:
कलेक्टर ने विकसित भारत जी राम जी योजना की समीक्षा करते हुए दिसंबर माह के निर्धारित मानव दिवस लक्ष्य को शत-प्रतिशत हासिल करने के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों का चिन्हांकन कर आजीविका डबरी निर्माण के लिए विशेष अभियान चलाने तथा अधिक से अधिक डबरी निर्माण कार्य स्वीकृत कर प्रारंभ कराने को कहा। इसके अलावा भूजल स्तर सुधारने के लिए बोर रिचार्ज, आंगनबाड़ी भवन एवं पीडीएस भवन निर्माण कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
लंबित निर्माण कार्यों को एक माह में पूरा करने पर जोरकलेक्टर ने ग्राम पंचायतों में स्वीकृत बालिका शौचालयों के लंबित निर्माण कार्यों को आगामी एक माह के भीतर पूर्ण कराने के निर्देश दिए। वहीं ग्राम पंचायतों में मुक्तिधाम निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कर समय-सीमा में पूरा करने को कहा। विकसित ग्राम पंचायत प्लान के तहत आगामी पांच वर्षों के लिए ग्राम पंचायतों के समग्र विकास की कार्ययोजना तैयार करने तथा ग्राम रोजगार सहायकों की ई-केवाईसी इसी सप्ताह शत-प्रतिशत पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
स्वच्छता और महिला स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों की समीक्षा:
ग्राम पंचायतों में घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर भी कलेक्टर ने जोर दिया। उन्होंने गीला, सूखा, घरेलू हानिकारक एवं सैनिटरी कचरे को अलग-अलग संग्रहित करने तथा नियमित कचरा प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) की समीक्षा करते हुए स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों को बढ़ावा देने, महिलाओं को नए आजीविका अवसरों से जोड़ने और उनकी आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग उपलब्ध कराने को कहा। इसके साथ ही राशन कार्ड से संबंधित हितग्राहियों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए।
जी राम जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रशिक्षण कार्यशाला:
बैठक के साथ ही विकसित भारत जी राम जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला स्तरीय प्रशिक्षण-सह-समीक्षा कार्यशाला भी आयोजित की गई। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यशाला में आगामी चार माह के प्राथमिकता वाले कार्यों एवं लक्ष्यों को हासिल करने की रणनीति पर चर्चा हुई।
जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार पोयाम ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को योजना के क्रियान्वयन और तकनीकी प्रक्रियाओं की जानकारी दी। प्रशिक्षण में एनएमएमएस 2.0, एमआईएस, लंबित देनदारियां, जीएसटी, एफटीओ जनरेशन, विकसित भारत ग्राम पंचायत प्लान, कार्यों की गुणवत्ता, भू-ग्राम, सिक्योर एवं ई-एमबी सहित विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही आजीविका डबरी, नवा तरिया, सुघर बाड़ी एवं धार अपार जैसे विषयों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई।
बैठक एवं कार्यशाला में जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार पोयाम, एसीईओ श्री नीतेश वर्मा, प्रभारी उप संचालक पंचायत श्री बरन सिंह मंडावी, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
Subscribe to my channel