July 22, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

जंतर मंतर आंदोलन की धधक, जिले के सभी ब्लॉकों में कांग्रेस का विरोध-प्रदर्शन, प्रधानमंत्री का पुतला दहन और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग !

1 min read
Spread the love


धरमजयगढ़/रायगढ़ – नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक, छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज तथा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने के विरोध में 22 जुलाई को छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर प्रदेशभर के साथ रायगढ़ जिले के सभी ब्लॉकों में कांग्रेस व्यापक विरोध-प्रदर्शन करेगी। कार्यक्रम के तहत सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पुतला दहन किया जाएगा तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाई जाएगी।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष नगेन्द्र नेगी ने सभी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों को कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के प्रवक्ता तारेन्द्र डनसेना द्वारा जारी सूचना के अनुसार सभी ब्लॉकों से कार्यक्रम के वीडियो और फोटो जिला कांग्रेस कमेटी को भेजने के लिए कहा गया है।
कांग्रेस का कहना है कि यह आंदोलन देश के युवाओं के भविष्य, परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े मुद्दों को लेकर आयोजित किया जा रहा है।
हालांकि, इस विरोध-प्रदर्शन के साथ एक महत्वपूर्ण सवाल भी जुड़ा हुआ है। यदि यह आंदोलन वास्तव में युवाओं और छात्रों के हितों के लिए है, तो इसकी आवाज केवल एक दिन के पुतला दहन तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर और ठोस पहल ही ऐसे आंदोलनों की वास्तविक सार्थकता सिद्ध करेगी। अन्यथा, जनता के बीच इसे केवल एक राजनीतिक औपचारिकता या प्रतीकात्मक विरोध के रूप में भी देखा जा सकता है।
इसलिए यह विरोध केवल राजनीतिक संदेश तक सीमित न रहकर युवाओं के हित में ठोस परिणाम दिलाने की दिशा में आगे बढ़े, यही आमजन की अपेक्षा रहेगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp