सतना चित्रकूट- में आयोजित होने वाले दीपावली अमावस्या मेले में आने वाले श्रद्धालुओं एवं यात्रियों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए जिला प्रशासन सतना द्वारा विभिन्न मार्गों पर ऑटो का किराया निर्धारित किया गया है। निर्धारित दरें प्रति व्यक्ति के आधार पर लागू होंगी। अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी सतना रवि बरेलिया द्वारा जारी किराया सूची के अनुसार रजौला से बस स्टैंड रामघाट तक ऑटो का किराया 20 रुपये, हनुमानधारा से वन देवी तक 10 रुपये तथा रजौला से शांतिधाम चौराहा तक 20 रुपये किराया निर्धारित किया गया है। इसी प्रकार रजौला से सती अनुसुइया तक, सती अनुसुइया से गोदावरी तक, रजौला से गोदावरी तक तथा रजौला से हनुमानधारा तक 30-30 रुपये प्रति व्यक्ति किराया निर्धारित किया गया है। जिला प्रशासन ने निर्धारित दरों के अनुरूप ही किराया लेने की व्यवस्था सुनिश्चित की है, जिससे देश के विभिन्न क्षेत्रों से चित्रकूट पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को सुगम एवं सुविधाजनक परिवहन सुविधा मिल सके।