तिरंगे की शान और राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंजा ग्रामोदय विश्वविद्यालय परिसर
1 min read
‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत निकली भव्य तिरंगा यात्रा, राष्ट्रभावना पर विचार-संगोष्ठी और स्वतंत्रता आंदोलन पर प्रश्नोत्तरी आयोजित

चित्रकूट- 13 अगस्त 2026 महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय, चित्रकूट में ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के अंतर्गत गुरुवार को राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय चेतना से ओतप्रोत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। अभियान के तहत विश्वविद्यालय परिसर में तिरंगा यात्रा, राष्ट्रभावना पर विचार-संगोष्ठी तथा भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन पर आधारित प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई।

तिरंगों के साथ निकली भव्य यात्रा कार्यक्रम के प्रथम चरण में सभी संकायों के विद्यार्थी, शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी, शोधार्थी एवं स्थानीय नागरिक विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर एकत्रित हुए। कुलगुरु प्रो. आलोक चौबे ने हरी झंडी दिखाकर तिरंगा यात्रा को रवाना किया। यात्रा में हाथों में तिरंगा लेकर शामिल छात्र-छात्राओं के देशभक्ति के नारों से विश्वविद्यालय परिसर एवं आसपास का वातावरण गुंजायमान हो उठा।
तिरंगा यात्रा का नेतृत्व कुलगुरु प्रो. आलोक चौबे ने किया। इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व कुलपति प्रो. कपिल देव मिश्रा, कुलसचिव प्रो. आञ्जनेय पांडेय, अधिष्ठाता प्रो. सूर्यकांत चतुर्वेदी, प्रो. एच.एस. कुशवाहा, प्रो. देवेंद्र प्रसाद पाण्डेय तथा पूर्व कुलगुरु प्रो. भरत मिश्रा सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी, शोधार्थी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

तिरंगा यात्रा के संयोजक डॉ. उमेश कुमार शुक्ला रहे। संयोजक मंडल में डॉ. विनोद कुमार सिंह आदि सहयोग किया। विश्वविद्यालय में संचालित वायुयान पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों द्वारा ड्रोन के माध्यम से तिरंगा यात्रा की की गई रिकॉर्डिंग भी आकर्षण का केंद्र रही।
‘वंदे मातरम् राष्ट्र जागरण का महामंत्र’ : चेतस सुखाड़िया
तिरंगा यात्रा के पश्चात सी.एम.सी.एल.डी.पी. सभागार में राष्ट्रभावना एवं स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े विषय पर विचार-संगोष्ठी आयोजित हुई। संगोष्ठी के मुख्य वक्ता अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के मध्य क्षेत्र के संगठन मंत्री श्री चेतस सुखाड़िया रहे। अध्यक्षता कुलगुरु प्रो. आलोक चौबे ने की।
मुख्य वक्ता श्री चेतस सुखाड़िया ने कहा कि 15 अगस्त के राष्ट्रीय पर्व से पूर्व ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत तिरंगा यात्रा का विशेष महत्व है। देश की आन, बान और शान को अक्षुण्ण रखने के लिए असंख्य देशभक्तों ने अपना जीवन बलिदान किया। आज आवश्यकता है कि प्रत्येक नागरिक भारत का नाम ऊंचा करने के लिए अपना श्रेष्ठ योगदान दे।
उन्होंने कहा कि ग्रामोदय विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों द्वारा आयोजित इस प्रकार के कार्यक्रमों का विशेष महत्व है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ग्रामोदय विश्वविद्यालय और यहां के विद्यार्थी तथा शिक्षक विकसित भारत की यात्रा में अपना सशक्त योगदान दे रहे हैं और भविष्य में भी देते रहेंगे।

श्री सुखाड़िया ने ‘वंदे मातरम्’ के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वंदे मातरम् केवल दो शब्दों का उद्घोष नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारी गहरी आस्था और चेतना का प्रतीक है। यह राष्ट्र जागरण का महामंत्र बनकर स्वतंत्रता आंदोलन में जन-जन की राष्ट्रीय चेतना को जागृत करने का माध्यम बना। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् भारत माता के चरणों में अपना जीवन अर्पित करने वाले असंख्य देशभक्तों के प्रति श्रद्धा का भाव भी व्यक्त करता है। यह किसी राजनीतिक विवाद का विषय नहीं, बल्कि भारतीय जीवन-दर्शन और राष्ट्रभावना का प्रतीक है।

उन्होंने वंदे मातरम् के ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान राष्ट्रीय चेतना को नई ऊर्जा मिली। वर्तमान में वंदे मातरम् की रचना के 150वें वर्ष का स्मरण भी इस राष्ट्रीय चेतना को और व्यापक बनाने का अवसर है।
इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व कुलपति प्रो. कपिल देव मिश्रा, कुलसचिव प्रो. आञ्जनेय पांडेय तथा तिरंगा यात्रा संयोजक डॉ. उमेश कुमार शुक्ला ने भी अपने विचार रखे। आभार प्रदर्शन कुलसचिव प्रो. आञ्जनेय पांडेय ने किया।

स्वतंत्रता आंदोलन पर विद्यार्थियों ने दी प्रश्नोत्तरी में सहभागिता
कार्यक्रम के तीसरे चरण में कला संकाय में ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के अंतर्गत भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े विषयों पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के स्नातक एवं परास्नातक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
प्रश्नोत्तरी का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास, स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान तथा राष्ट्रीय मूल्यों से परिचित कराना रहा। कार्यक्रम का संयोजन प्रो. ललित कुमार सिंह ने किया।

पूरे दिन आयोजित इन कार्यक्रमों में विश्वविद्यालय परिवार की व्यापक सहभागिता रही। तिरंगा यात्रा में उमड़ा उत्साह, विचार-संगोष्ठी में राष्ट्रचिंतन और प्रश्नोत्तरी में विद्यार्थियों की ज्ञानात्मक सहभागिता ने ‘हर घर तिरंगा अभियान’ को ग्रामोदय विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय चेतना के जीवंत उत्सव का स्वरूप प्रदान किया।

Subscribe to my channel