धरमजयगढ़ में शान से निकली भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के रंग में रंगा नगर
1 min read

तिरंगे और देशभक्ति के नारों से गूंजा धरमजयगढ़

धरमजयगढ़ – गुरुवार, 13 अगस्त को धरमजयगढ़ नगर में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना से ओतप्रोत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में शान से लहराते तिरंगे और जुबां पर देशभक्ति के नारों के साथ बड़ी संख्या में लोग यात्रा में शामिल हुए। तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा नगर राष्ट्रभक्ति के उत्साह और उमंग से सराबोर नजर आया।
यात्रा में धरमजयगढ़ नगर के भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में वरिष्ठजन भी शामिल हुए। इसके अलावा नगर के शासकीय एवं निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं तथा शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। हाथों में तिरंगा थामे स्कूली बच्चों की मौजूदगी ने यात्रा के माहौल को और भी जीवंत बना दिया।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ स्कूल ग्राउंड से हुआ, जहां से यह नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः स्कूल ग्राउंड पहुंची और संपन्न हुई। यात्रा के दौरान भारत माता की जय सहित विभिन्न देशभक्ति के नारों से नगर का वातावरण गूंजता रहा। मार्ग में लोगों ने भी यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
तिरंगा यात्रा को व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए धरमजयगढ़ पुलिस की ओर से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रमुख मार्गों पर पुलिस जवानों की तैनाती रही और यातायात व्यवस्था संभालते हुए यात्रा को सुचारु रूप से संपन्न कराया गया।
पूरी यात्रा के दौरान धरमजयगढ़ में तिरंगे के प्रति सम्मान और देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। बच्चों, युवाओं, वरिष्ठजनों और विभिन्न वर्गों की सहभागिता ने तिरंगा यात्रा को सामूहिक राष्ट्रप्रेम का संदेश देने वाला आयोजन बना दिया। नगर की सड़कों पर लहराता तिरंगा और गूंजते देशभक्ति के नारे पूरे आयोजन की खास पहचान बने रहे।
Subscribe to my channel