एकेएस विश्वविद्यालय का ‘पोषण वाटिका’ अभियान: आरएडब्ल्यूई विद्यार्थियों ने गांवों में लगाए फलदार पौधे, कुपोषण उन्मूलन और किसानों की आय बढ़ाने की पहल
1 min read
सतना। एकेएस विश्वविद्यालय, सतना के कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संकाय द्वारा संचालित आरएडब्ल्यूई (रूरल एग्रीकल्चरल वर्क एक्सपीरियंस) एवं एआईए-2026 कार्यक्रम के अंतर्गत पोषण वाटिका अभियान के तहत विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए गांवों माधवगढ़, बरेठिया, कोलाद, मढ़ी, मातरी बरमेंद्रा, इटमा, सरिया टोला, मौहारी सहित अन्य ग्रामों में विद्यार्थियों ने किसानों के सहयोग से फलदार पौधों का रोपण किया।

उद्यानिकी विभाग द्वारा तैयार उच्च गुणवत्ता वाले आम, आंवला, नींबू, जामुन, बेल सहित अन्य फलदार पौधों का वितरण कर उनके वैज्ञानिक रोपण, देखभाल एवं संरक्षण की जानकारी भी दी गई। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों, विशेषकर बच्चों एवं महिलाओं में कुपोषण कम करना, पोषण सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा किसानों के लिए अतिरिक्त आय के स्थायी स्रोत विकसित करना है।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसे ग्रामीण विकास और सतत कृषि की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, संकाय सदस्य, आरएडब्ल्यूई समन्वयक, कृषि वैज्ञानिक तथा ग्रामीण किसान उपस्थित रहे और विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की।

Subscribe to my channel