Recent Posts

October 1, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

गवर्नमेंट पीजी कॉलेज मैहर में ई युवा केंद्र, एकेएस विश्वविद्यालय द्वारा जैव नवाचार एवं जैवउद्यमिता पर विशेष कार्यक्रम

1 min read
Spread the love

1 अक्टूबर 2026। शासकीय विवेकानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मैहर में “जैव नवाचार, जैव उद्यमिता एवं जीवन विज्ञान में करियर के अवसर” विषय पर विशेष आउटरीच कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को जीवन विज्ञान के क्षेत्र में उभरते अनुसंधान, नवाचार, उद्यमिता, स्टार्टअप एवं करियर अवसरों से परिचित कराना था।यह कार्यक्रम बीआईआरएसी, डिपार्टमेंट ऑफ

बायोटेक्नोलॉजी, भारत सरकार के ई-युवा केंद्र, एकेएस विश्वविद्यालय, सतना द्वारा शासकीय विवेकानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मैहर के जैव प्रौद्योगिकी एवं प्राणीशास्त्र विभाग के सहयोग से आयोजित किया गया।कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रो. कमलेश चौरे, अधिष्ठाता, जीवन विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संकाय, एकेएस विश्वविद्यालय, सतना रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन विज्ञान का क्षेत्र आज केवल पारंपरिक अध्ययन और अनुसंधान तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें जैव प्रौद्योगिकी, सूक्ष्मजीवी नवाचार, स्वास्थ्य, कृषि, खाद्य प्रौद्योगिकी, पर्यावरण संरक्षण तथा जैव-आधारित उद्योगों में व्यापक संभावनाएं उपलब्ध हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों को वास्तविक जीवन की समस्याओं की पहचान कर उनके वैज्ञानिक एवं नवाचार आधारित समाधान विकसित करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने विचार से नवाचार, नवाचार से प्रोटोटाइप और प्रोटोटाइप से उद्यम तक की यात्रा के विभिन्न चरणों पर प्रकाश डाला। विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि उचित मार्गदर्शन, कौशल विकास, अनुसंधान, मार्गदर्शन एवं संस्थागत सहयोग के माध्यम से विद्यार्थी अपने वैज्ञानिक विचारों को भविष्य के स्टार्टअप एवं उद्यम में परिवर्तित कर सकते हैं।कार्यक्रम के दौरान जैव उद्यमिता एवं स्टार्टअप संस्कृति, नवाचार आधारित करियर, अनुसंधान के अवसर तथा विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध मार्गदर्शन एवं सहयोग की संभावनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा विशेषज्ञ के साथ संवाद करते हुए अपने प्रश्न भी रखे।कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. राजेश सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. शेरेंद्र कुमार साहू तथा सह-संयोजक डॉ. संपत रावत एवं डॉ. शिर्षा मोंडल ने आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।इस अवसर पर विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार की भावना और उद्यमशील दृष्टिकोण विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन से एकेएस विश्वविद्यालय, सतना एवं शासकीय विवेकानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मैहर के बीच शैक्षणिक, अनुसंधान एवं नवाचार आधारित सहयोग को भी मजबूती मिली।कार्यक्रम के अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। यह पहल विद्यार्थियों को जीवन विज्ञान के क्षेत्र में उपलब्ध नए अवसरों से जोड़ने तथा उन्हें अनुसंधानकर्ता, नवप्रवर्तक और भावी उद्यमी के रूप में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम रही।

About The Author

आज की ताजा खबरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp