नगर पंचायत की लापरवाही बनी मुसीबत? मुख्य मार्ग पर खोदा गड्ढा सप्ताहभर बाद भी जस का तस, हादसे का बढ़ा खतरा
1 min read

धरमजयगढ़ – नगर पंचायत धरमजयगढ़ की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल उठ रहे हैं। रायगढ़–धरमजयगढ़ मुख्य मार्ग, जो राष्ट्रीय राजमार्ग होने के साथ नगर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल है, पर पाइपलाइन सुधार कार्य के लिए लगभग एक सप्ताह पहले गड्ढा खोदा गया था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार्य पूरा होने के बावजूद गड्ढे को अब तक नहीं भरा गया है।

बरसात के कारण गड्ढे में पानी भर जाने से वह छोटे तालाब जैसा दिखाई देने लगा है। इससे सड़क की चौड़ाई कम हो गई है और वाहन चालकों, विशेषकर दोपहिया सवारों के लिए दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है।

इतना ही नहीं, खुदाई से निकली मिट्टी बारिश के पानी के साथ सड़क पर फैल रही है, जिससे कीचड़ जमा हो गया है। फिसलन के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते गड्ढे को भरकर सड़क की स्थिति सामान्य नहीं की गई तो कभी भी गंभीर हादसा हो सकता है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि खुदाई के बाद सड़क को पूर्व स्थिति में बहाल करने की जिम्मेदारी किसकी है? यदि यह कार्य नगर पंचायत द्वारा कराया गया है, तो संबंधित विभाग की जिम्मेदारी बनती है कि आम जनता की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए गड्ढे को तत्काल भरवाए और सड़क पर फैली कीचड़ की भी सफाई भी कराये !
Subscribe to my channel