November 16, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर धरमजयगढ़ में ऐतिहासिक आयोजन, जनजातीय संस्कृति, सम्मान और समृद्धि के संकल्प को मिली नई आवाज !

1 min read
Spread the love

राज्यस्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित कई दिग्गज मंत्री और जनप्रतिनिधि हुए शामिल राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने वर्चुअल माध्यम से किया संबोधन, जनजातीय विभूतियों का सम्मान और सांस्कृतिक दलों को किया गया पुरस्कृत


धरमजयगढ़ – धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ स्थित ऐतिहासिक दशहरा मैदान में राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। हजारों की संख्या में पहुंचे जनजातीय समाज के लोगों की मौजूदगी में आयोजित इस समारोह में जनजातीय अस्मिता, स्वाभिमान, संस्कृति, परंपरा और विकास का संदेश गूंजा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित प्रदेश के कई मंत्री और जनप्रतिनिधि समारोह में शामिल हुए, वहीं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रतिकूल मौसम के कारण प्रत्यक्ष रूप से नहीं पहुंच पाने पर वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया।


मुख्य अतिथि के रूप में वर्चुअल संबोधन देते हुए नितिन नवीन ने कहा कि बस्तर की नई पहचान अब हिंसा नहीं, बल्कि शिक्षा, खेल, संस्कृति और विकास हो रही है। जिन क्षेत्रों में कभी बंदूकों की आवाज सुनाई देती थी, वहां अब खेल के मैदान तैयार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि बंदूक की जगह खेल का मैदान, हिंसा की जगह शिक्षा और भय की जगह विश्वास का वातावरण बनाना ही वास्तविक विकास है। उन्होंने नक्सलवाद के विरुद्ध अभियान में सुरक्षाबलों के योगदान की सराहना करते हुए शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी।


मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भगवान बिरसा मुंडा को जनजातीय अस्मिता और स्वाभिमान का प्रतीक बताते हुए कहा कि जनजातीय समाज का सम्मान, उसकी गौरवशाली संस्कृति एवं परंपराओं का संरक्षण और प्रत्येक जनजातीय परिवार तक विकास पहुंचाना सरकार का संकल्प है। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा सहित जनजातीय जननायकों ने जिस सशक्त, स्वाभिमानी और समृद्ध समाज का सपना देखा था, उसे साकार करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा, भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने पारंपरिक जनजातीय वेशभूषा धारण कर तीर-धनुष और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ जनजातीय समाज का उत्साहवर्धन भी किया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का भी श्रवण किया गया।


समारोह में मुख्यमंत्री ने जनजातीय कला, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान देने वाली पद्मश्री सम्मानित बुधरी ताती, जागेश्वर यादव एवं पंडी राम मंडावी का अभिनंदन किया। जनजातीय नृत्य प्रतियोगिताओं के विजेता दलों को पुरस्कृत करने के साथ मांझी-चालकी व्यवस्था से जुड़े पदाधिकारियों को सम्मान राशि तथा तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस का वितरण किया गया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए विभिन्न विभागीय एवं जनजातीय उत्पादों के स्टॉलों का अवलोकन भी किया।


मुख्यमंत्री ने कहा कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से छत्तीसगढ़ के 6,691 गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल और आजीविका जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। वहीं पीएम-जनमन योजना के माध्यम से विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के सर्वांगीण विकास की दिशा में कार्य हो रहा है। उन्होंने महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, तेंदूपत्ता संग्रहण पारिश्रमिक में वृद्धि तथा अखरा एवं देवगुड़ी विकास जैसे कार्यों को जनजातीय समाज के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।


बस्तर में बदलते हालात का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नियद नेल्लानार और बस्तर मुन्ने जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों तक विकास पहुंचाया जा रहा है। सुरक्षा कैंपों को सेवा डेरा के रूप में विकसित कर लोगों को शासकीय योजनाओं, कौशल विकास और स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत लगभग 35 लाख लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया है तथा दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए भी प्रयास जारी हैं।
किसानों के लिए बड़ी घोषणा और धान खरीदी की शुरुआत
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने किसानों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय की जानकारी देते हुए कहा कि अब प्रति एकड़ निर्धारित अधिकतम 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत पूरी आदान सहायता राशि मिलेगी। पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता प्रदान की जाएगी। इससे विशेष रूप से कम उत्पादकता वाले क्षेत्रों के लघु, सीमांत और जनजातीय किसानों को राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 15 नवंबर से प्रदेश में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान खरीदी प्रारंभ हो गई है। किसानों की सुविधा के लिए 360 नए उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं, जिससे प्रदेश में धान खरीदी केंद्रों की कुल संख्या बढ़कर 3,100 हो गई है। इसका उद्देश्य किसानों को नजदीक में धान बेचने की सुविधा देना और लंबी दूरी तथा केंद्रों में भीड़ की समस्या से राहत दिलाना है।


समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा, कृषि मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह एवं लक्ष्मी वर्मा, कांकेर सांसद भोजराज नाग सहित अनेक जनप्रतिनिधि और जनजातीय समाज के प्रमुख उपस्थित रहे।
धरमजयगढ़ की ऐतिहासिक धरती पर आयोजित इस राज्यस्तरीय समारोह ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने के साथ जनजातीय समाज के सम्मान, अधिकार, संस्कृति और विकास के संकल्प को नई आवाज दी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp