छत्तीसगढ़ में धान खरीदी का शुभारंभ, प्रदेश के 1,606 केंद्रों में शुरू हुआ उपार्जन; अब तक 1.98 लाख क्विंटल धान की खरीदी !
1 min read

21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी मिलेगी पूरी आदान सहायता, रायगढ़ जिले में 85,501 किसानों का पंजीयन
रायपुर/धरमजयगढ़, 15 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जनजातीय गौरव दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में धरमजयगढ़ पहुंचकर खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल की उपस्थिति में धान खरीदी का शुभारंभ किया।

राज्य सरकार इस वर्ष किसानों से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीद रही है। मुख्यमंत्री ने महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी कृषक उन्नति योजना के तहत प्रति एकड़ 13,839 रुपये की पूरी आदान सहायता राशि मिलेगी। इससे विशेष रूप से कम उत्पादन वाले जनजातीय एवं वनांचल क्षेत्रों के किसानों को राहत मिलेगी।
प्रदेश के 33 जिलों में कुल 3,095 धान उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। 15 नवंबर की स्थिति में 2,805 केंद्रों में टोकन जारी हो चुके हैं, जबकि 1,606 केंद्रों में खरीदी प्रारंभ हो गई है। अब तक प्रदेश में कुल 1,98,364.80 क्विंटल धान का उपार्जन किया जा चुका है।
जिलेवार खरीदी में राजनांदगांव में 26,464.40 क्विंटल, बालोद में 24,676 क्विंटल, महासमुंद में 20,444.80 क्विंटल और धमतरी में 19,829.20 क्विंटल धान की खरीदी दर्ज की गई है।
रायगढ़ जिले में 85,501 किसानों का पंजीयन
रायगढ़ जिले में इस वर्ष धान उपार्जन केंद्रों की संख्या बढ़ाकर 112 और सेवा सहकारी समितियों की संख्या 79 कर दी गई है। जिले में कुल 85,501 किसानों ने धान विक्रय के लिए पंजीयन कराया है। इनका पंजीकृत रकबा 1,21,690.325 हेक्टेयर है। अवैध धान परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिले में 20 चेक पोस्ट स्थापित किए गए हैं, जहां तीन पालियों में 24 घंटे निगरानी की जा रही है।
राज्य सरकार का कहना है कि उपार्जन केंद्रों में बेहतर व्यवस्था, 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदी और कृषक उन्नति योजना के तहत सहायता से किसानों को आर्थिक मजबूती मिलेगी।
Subscribe to my channel