November 16, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

शादी का डिजिटल कार्ड बना साइबर ठगी का हथियार! APK फाइल डाउनलोड करते ही खाते से उड़ाए 98 हजार रुपये, केरल से आरोपी गिरफ्तार!

1 min read
Spread the love

जांजगीर-चांपा। साइबर अपराधियों द्वारा ऑनलाइन ठगी के नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को अपना शिकार बनाया जा रहा है। ऐसा ही एक मामला जांजगीर-चांपा जिले में सामने आया है, जहां शादी का निमंत्रण कार्ड भेजने के बहाने मोबाइल पर APK फाइल भेजकर एक व्यक्ति का मोबाइल हैक कर लिया गया और उसके SBI बैंक खाते से 98 हजार रुपये पार कर दिए गए। मामले में जांजगीर साइबर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी की रकम प्राप्त करने वाले आरोपी को केरल राज्य से गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में साइबर अपराधों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में साइबर थाना जांजगीर की टीम ने NCRP पोर्टल से मिले अहम सुराग के आधार पर आरोपी तक पहुंचकर उसे गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

शादी के कार्ड के नाम पर भेजी APK फाइल, मोबाइल हुआ हैकपुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 06 जून 2026 को नैला स्टेशन रोड निवासी प्रार्थी राजेश कुमार थवाईत के मोबाइल पर व्हाट्सएप के माध्यम से शादी का निमंत्रण कार्ड बताकर एक APK फाइल भेजी गई थी। प्रार्थी ने जैसे ही उस फाइल को डाउनलोड किया, उसका मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल से लिंक SBI बैंक खाते से 98 हजार रुपये निकाल लिए।

पीड़ित की रिपोर्ट पर साइबर थाना जांजगीर में अपराध क्रमांक 15/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना शुरू की गई।

NCRP पोर्टल के सुराग से केरल पहुंची पुलिस:

विवेचना के दौरान NCRP पोर्टल से प्राप्त बैंक खाते की जानकारी के आधार पर पुलिस ने ठगी की रकम प्राप्त करने वाले आरोपी की पहचान अब्दुल अजीज (29 वर्ष), निवासी कोण्डोट्टी, जिला मल्लपुरम, केरल के रूप में की। इसके बाद पुलिस टीम ने केरल स्थित आरोपी के घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

ठगी की रकम निकालकर घरेलू खर्च में किया इस्तेमालपुलिस पूछताछ में आरोपी ने ठगी की 98 हजार रुपये की रकम अपने बैंक खाते में प्राप्त होने तथा उसे बैंक से निकालकर घरेलू खर्च में उपयोग करना स्वीकार किया। जांच में आरोपी के खाते में अन्य 21 हजार रुपये की संदिग्ध रकम प्राप्त होना भी पाया गया, जिसके संबंध में NCRP पोर्टल पर गुजरात से शिकायत दर्ज होना सामने आया है।

पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन एवं बैंक खाते से संबंधित दस्तावेज जब्त किए तथा बैंक खाता सीज कराया। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर जांजगीर लाया गया, जहां से उसे विधिवत न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

जांजगीर पुलिस की आम नागरिकों से अपीलजांजगीर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि व्हाट्सएप पर किसी भी अनजान नंबर से प्राप्त APK फाइल या लिंक को डाउनलोड न करें। साइबर ठग शादी का निमंत्रण कार्ड, मोटर वाहन चालान, सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने अथवा अन्य आकर्षक संदेशों के नाम पर APK फाइल भेजकर लोगों के मोबाइल हैक कर सकते हैं।

यहां तक कि किसी परिचित व्यक्ति के मोबाइल नंबर से ऐसी फाइल प्राप्त होने पर भी बिना पुष्टि किए उसे डाउनलोड न करें। यदि कोई व्यक्ति ऑनलाइन ठगी का शिकार होता है तो तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें और www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।

इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका:

उक्त कार्रवाई में निरीक्षक भास्कर शर्मा, प्रधान उप निरीक्षक रुखसाना बानो, प्रधान आरक्षक राजकुमार चंद्र, आरक्षक प्रतीक सिंह एवं आरक्षक राजा जयप्रकाश रात्रे का सराहनीय योगदान रहा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp