सिनेमा हॉल के पास चाकू लहराकर लोगों को डरा रहे दो युवक गिरफ्तार, पुलिस ने धारदार चाकू किए जब्त!
1 min read
जांजगीर-चांपा। सार्वजनिक स्थान पर धारदार चाकू लहराकर आने-जाने वाले लोगों को डराना दो युवकों को भारी पड़ गया। चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से बड़े धारदार चाकू बरामद किए हैं। आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 14 नवंबर 2026 को मुकुंद टॉकीज चांपा के संचालक ने फोन के माध्यम से पुलिस को सूचना दी कि दो व्यक्ति टॉकीज के मोटरसाइकिल स्टैंड के पास बड़े नुकीले चाकू लेकर खड़े हैं और आने-जाने वाले लोगों को चाकू दिखाकर डरा रहे हैं।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश शेण्डे ने तत्परता दिखाते हुए पेट्रोलिंग टीम को तत्काल मौके पर भेजा। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों संदिग्ध युवकों को पकड़कर पूछताछ की। उनकी तलाशी लेने पर शर्ट के अंदर छिपाकर रखे गए बड़े धारदार चाकू बरामद हुए, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान उमेश यादव (25 वर्ष), पिता छतराम यादव, निवासी खरहरकुड़ा, थाना उरगा, जिला कोरबा तथा करन गोस्वामी (24 वर्ष), पिता गोरेलाल गोस्वामी, निवासी नवलपुर, थाना उरगा, जिला कोरबा के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना चांपा में अपराध क्रमांक 621/26, धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। दोनों को 14 नवंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया तथा 15 नवंबर 2026 को न्यायिक रिमांड हेतु माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका:
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक कमलेश कुमार शेण्डे, उपनिरीक्षक भवानी सिंह, प्रधान आरक्षक सुनील सिंह, प्रधान आरक्षक गणेश कौशिक, आरक्षक गौरीशंकर राय, सुमंत कंवर एवं थाना चांपा के पुलिस स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
Subscribe to my channel