November 16, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

शासकीय प्राथमिक शाला गजपुरवापारा लोहर्सी में हर्षोल्लास से मनाया गया बाल दिवस, बच्चों ने नृत्य और कविता से बांधा समां!

1 min read
Spread the love

जांजगीर-चांपा/पामगढ़। 14 नवंबर को पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर शासकीय प्राथमिक शाला गजपुरवापारा लोहर्सी में बाल दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय की प्रधान पाठक गणेशी बंजारे के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर बच्चों के सम्मान, मनोरंजन एवं प्रतिभा प्रदर्शन के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।

कार्यक्रम का शुभारंभ देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू (चाचा नेहरू) के छायाचित्र पर तिलक लगाकर एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात सभी बच्चों को तिलक लगाकर, फूलों से स्वागत किया गया तथा मिठाई खिलाकर बाल दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की बालिकाओं ने फूलों के साथ मनमोहक गीत एवं नृत्य की प्रस्तुति दी, जिसने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। वहीं बालकों ने भी उत्साहपूर्वक नृत्य प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से विद्यालय परिसर में उत्सव का माहौल बन गया।

इस अवसर पर प्रधान पाठक गणेशी बंजारे ने स्वयं द्वारा रचित कविता का वाचन किया। उनकी कविता में बच्चों के बचपन, अच्छे संस्कार, अनुशासन, सच्चाई और जीवन में अच्छे कार्य करने की प्रेरणा को सुंदर शब्दों में अभिव्यक्त किया गया।

उन्होंने अपनी कविता में कहा—हम नन्हें-मुन्ने बच्चे हैं, हम दिल के बड़े ही सच्चे हैं। थोड़ा बहुत हम लड़ते-झगड़ते हैं, पर दिनभर कुछ न कुछ करते हैं।

बड़े सबेरे हम उठ जाते हैं, ठंड से हम न घबराते हैं। आओ जीवन में कुछ अच्छा सीखें, सीखी बातों को जीवन में उतारें।

काम करें कुछ अच्छे-अच्छे, बात करें सब सच्चे-सच्चे। हम बच्चे-हम बच्चे हैं, दिल के बड़े सच्चे हैं।

कविता के माध्यम से बच्चों को अच्छे संस्कार अपनाने, सच्चाई के मार्ग पर चलने और अपने जीवन में अच्छे कार्य करने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को केक वितरित किया गया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक बाल दिवस की खुशियां मनाईं।

इस आयोजन को सफल बनाने में जनभागीदारी समिति के सदस्य इतवार केंवट, अनिल कुमार पटेल, कांति बंजारे, तरुण केंवट एवं अनुशा कश्यप का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। सभी सदस्यों ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया और कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी सहभागिता निभाई।

इस प्रकार शासकीय प्राथमिक शाला गजपुरवापारा लोहर्सी में बाल दिवस का आयोजन बच्चों के लिए यादगार और आनंदमय रहा। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ उन्हें अच्छे संस्कार एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया गया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp