बच्चों की जान जोखिम में! स्कूल मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने उठी आवाज !
1 min read

धरमजयगढ़ – नगर के पीएम श्री आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के सामने से गुजरने वाले मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर एक बार फिर सुरक्षा संबंधी चिंताएं सामने आई हैं। वार्ड क्रमांक 08 संतोषीनगर के पार्षद जानू सिंह सिदार ने इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) धरमजयगढ़ को ज्ञापन सौंपकर विद्यालय मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश पर तत्काल प्रतिबंध लगाने की मांग की है।
पार्षद द्वारा 16 जून 2026 को दिए गए आवेदन में कहा गया है कि नगर पंचायत क्षेत्र में संचालित पीएम श्री आत्मानंद स्कूल में विद्यार्थियों की संख्या काफी अधिक है, जिसके कारण विद्यालय दो पालियों में संचालित होता है। ऐसे में स्कूल मार्ग पर लगातार भारी वाहनों का संचालन विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न कर रहा है। स्कूल आने-जाने के दौरान बच्चों के साथ दुर्घटना की आशंका बनी रहती है, जिससे अभिभावकों और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि पूर्व में इस मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया था, लेकिन वर्तमान में फिर से भारी वाहन इस रास्ते से गुजर रहे हैं। इससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। पार्षद ने प्रशासन से मांग की है कि बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्कूल मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश पर तत्काल रोक लगाई जाए।
साथ ही, उन्होंने इस मार्ग पर स्थायी बैरिकेडिंग की व्यवस्था किए जाने का भी आग्रह किया है ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना को रोका जा सके। आवेदन की प्रतिलिपि थाना प्रभारी धरमजयगढ़ तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी को भी आवश्यक कार्रवाई एवं जानकारी हेतु प्रेषित की गई है।
स्थानीय नागरिकों का मानना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने इस मांग पर गंभीरता से विचार नहीं किया तो किसी अप्रिय घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। अब देखना होगा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से जुड़े इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर प्रशासन क्या कदम उठाता है।
Subscribe to my channel