November 6, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

पुरानी रंजिश में घर में घुसकर परिवार पर हमला, युवक के सिर में गंभीर चोट; बिलासपुर रेफर, दो सगे भाई गिरफ्तार!

1 min read
Spread the love

जांजगीर-चांपा। पुरानी रंजिश को लेकर घर में घुसकर गाली-गलौज और मारपीट करते हुए जानलेवा हमला करने के मामले में जांजगीर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। हमले में एक युवक के सिर में गंभीर चोट आई है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी जब्त किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 5 नवंबर 2026 की रात की है। ग्राम लच्छनपुर केराझरिया निवासी नोहर नाथ गोस्वामी अपने नाती-पोतों के साथ मोटरसाइकिल से चांपा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान चांपा एनीकट के पास उनकी मुलाकात गांव के विक्की ठाकुर उर्फ सोमेश सिंह राजपूत से हुई। बताया गया कि पुरानी रंजिश को लेकर विक्की ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट करने के लिए दौड़ाया। जान बचाकर प्रार्थी अपने नाती-पोतों को वहीं छोड़कर घर की ओर भागे।

आरोप है कि विक्की डंडा लेकर उनका पीछा करते हुए घर तक पहुंचा और दरवाजा धक्का देकर अंदर घुस गया। घर में भी गाली-गलौज करते हुए प्रार्थी की पत्नी के साथ मारपीट की। शोर सुनकर उनके बेटे वीरेंद्र गोस्वामी और लुकेश्वर गोस्वामी बाहर आए। इसी दौरान विक्की का भाई कन्हाई सिंह राजपूत भी मौके पर पहुंच गया। दोनों भाइयों ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। विक्की ने लकड़ी के डंडे से वीरेंद्र और लुकेश्वर के सिर पर वार किया, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे नोहर नाथ के पैर में भी डंडे से चोट पहुंचाई गई। कन्हाई पर भी हाथ-मुक्कों से मारपीट करने का आरोप है।

घटना में वीरेंद्र गोस्वामी के सिर में गंभीर चोट आई और वह बेहोश हो गया। उसे तत्काल जांजगीर अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए बिलासपुर रेफर कर दिया।

रिपोर्ट के चंद घंटे के भीतर पुलिस की कार्रवाई:

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूलेंडन यॉर्क तथा नगर पुलिस अधीक्षक योगिता बाली खापर्डे को सूचना दी गई। अधिकारियों के निर्देश पर निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने ग्राम लच्छनपुर के अलग-अलग स्थानों से दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।

पूछताछ में दोनों आरोपियों द्वारा घटना में शामिल होना स्वीकार किए जाने की बात पुलिस ने बताई है। आरोपी विक्की सिंह उर्फ सोमेश सिंह राजपूत के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी जब्त किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

गिरफ्तार आरोपी:

  1. विक्की ठाकुर उर्फ सोमेश सिंह राजपूत (27 वर्ष), निवासी लच्छनपुर केराझरिया, जांजगीर।
  2. कन्हाई सिंह राजपूत (40 वर्ष), निवासी लच्छनपुर केराझरिया, जांजगीर।

जांजगीर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से घटना के कुछ ही घंटों के भीतर दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी हो गई।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp