June 10, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

विंध्य में साइबर सुरक्षा शिक्षा को मिलेगा नया आयामए.के.एस. विश्वविद्यालय और थिंक साइबर प्रो, मुंबई के बीच समझौता ज्ञापन संपन्न

1 min read
Spread the love


सतना। डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा के बढ़ते महत्व को देखते हुए ए.के.एस. विश्वविद्यालय, सतना ने विद्यार्थियों को उद्योगोन्मुखी शिक्षा एवं प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। विश्वविद्यालय के कंप्यूटर विज्ञान विभाग एवं कंप्यूटर विज्ञान एवं अभियांत्रिकी विभाग द्वारा मुंबई स्थित थिंक साइबर प्रो के साथ साइबर सुरक्षा शिक्षा एवं कौशल विकास के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) संपन्न किया गया।
समझौता ज्ञापन हस्ताक्षर समारोह में थिंक साइबर प्रो के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सिद्धार्थ कपूर विशेष रूप से मुंबई से सतना पहुंचे। ए.के.एस. विश्वविद्यालय की ओर से प्रो-चांसलर इंजीनियर अनंत कुमार सोनी तथा कंप्यूटर विभाग के अधिष्ठाता प्रो. अखिलेश ए. वाऊ की उपस्थिति में समझौते पर हस्ताक्षर किए गए।


इस अवसर पर इंजीनियर अनंत कुमार सोनी ने कहा कि साइबर सुरक्षा वर्तमान समय की सबसे महत्वपूर्ण तकनीकी आवश्यकताओं में से एक है। विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। यह साझेदारी विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर की तकनीकी दक्षता प्रदान करेगी।
समझौते के तहत ए.के.एस. विश्वविद्यालय के बीसीए (साइबर सुरक्षा) तथा बी.टेक. (कंप्यूटर विज्ञान एवं अभियांत्रिकी)–साइबर सुरक्षा पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को उद्योग विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रत्येक सत्र में साइबर सुरक्षा से जुड़े विशेष विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण के साथ उद्योग मान्य प्रमाण-पत्र प्राप्त करने का अवसर भी उपलब्ध कराया जाएगा। इससे विद्यार्थियों की तकनीकी दक्षता और रोजगार संभावनाओं में वृद्धि होगी।
कार्यक्रम में आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. जी.सी. मिश्रा तथा शैक्षणिक अधिष्ठाता प्रो. शेखर मिश्रा ने इस पहल को विद्यार्थियों के भविष्य के लिए उपयोगी बताते हुए इसकी सराहना की।
कंप्यूटर विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. प्रमोद सिंह एवं कंप्यूटर विज्ञान एवं अभियांत्रिकी विभागाध्यक्ष डॉ. चंद्रशेखर गौतम ने कहा कि यह सहयोग विद्यार्थियों को बेहतर प्रशिक्षण, प्रशिक्षुता तथा रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
विश्वविद्यालय प्रबंधन ने विश्वास व्यक्त किया कि यह साझेदारी विंध्य क्षेत्र में साइबर सुरक्षा शिक्षा को नई पहचान दिलाने के साथ विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनने में सहायता करेगी।

About The Author

आज की ताजा खबरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp