ग्रामोदय विवि में किसान ड्रोन प्रौद्योगिकी प्रमाणन कार्यक्रम सम्पन्नकुलगुरु प्रो आलोक चौबे ने छात्रों को किया प्रमाण पत्र वितरित
1 min read

चित्रकूट- 29 अप्रैल 2026 महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय में कृषि छात्रों के लिए आयोजित “किसान ड्रोन प्रौद्योगिकी प्रमाणन कार्यक्रम” सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। इस अवसर पर आयोजित प्रमाण पत्र वितरण समारोह में कुलगुरु प्रो. आलोक चौबे के मुख्य आतिथ्य में प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले छात्रों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
एविएशन विंग द्वारा संचालित एक माह का विशेष ड्रोन प्रशिक्षण कार्यक्रम गत दिवस पूर्ण हुआ, जिसका उद्देश्य कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों, विशेषकर ड्रोन प्रौद्योगिकी के उपयोग हेतु छात्रों को दक्ष बनाना था। कार्यक्रम के अंतर्गत छात्रों को ड्रोन संचालन, फसल निगरानी, कीटनाशक छिड़काव तथा स्मार्ट कृषि के विभिन्न पहलुओं का व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

प्रमाण पत्र वितरण समारोह आज विश्वविद्यालय के एविएशन विंग के प्रथम तल स्थित कक्षा-कक्ष में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर अपने मार्गदर्शक उद्बोधन में कुलगुरु प्रो. आलोक चौबे ने विश्वविद्यालय के मूल उद्देश्य “विश्वम् ग्रामे प्रतिष्ठितम्” को रेखांकित करते हुए कहा कि ग्रामोदय विश्वविद्यालय ग्रामीण जीवन, ज्ञान और तकनीक को वैश्विक स्तर पर प्रतिष्ठित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि “गांव से गगन तक” की अवधारणा इसी सोच का विस्तार है, जिसके अंतर्गत परंपरागत कृषि को आधुनिक विज्ञान एवं तकनीक, विशेषकर ड्रोन प्रौद्योगिकी से जोड़ा जा रहा है।

उन्होंने आगे कहा कि किसान ड्रोन प्रौद्योगिकी जैसे पाठ्यक्रम ग्रामीण युवाओं को न केवल तकनीकी रूप से सक्षम बनाते हैं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भरता और नवाचार की दिशा में भी अग्रसर करते हैं। इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम कृषि क्षेत्र में उत्पादकता बढ़ाने के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित करते हैं।
कुलगुरु ने सभी प्रतिभागियों को सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण करने पर बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में अधिकारी, शिक्षक, प्रशिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel