June 12, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

एकेएस विश्वविद्यालय के छात्र प्रसन्न कुमार सोनी को मिला उस्ताद बिस्मिल्लाह खां युवा पुरस्कार-2024।

1 min read
Spread the love


सतना। एकेएस विश्वविद्यालय के परफॉर्मिंग आर्ट्स संकाय के छात्र प्रसन्न कुमार सोनी को नाटक लेखन (ड्रामा प्ले-राइटिंग) के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वर्ष 2024 का प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर पर उस्ताद बिस्मिल्लाह खां युवा पुरस्कार प्रदान किया गया है। यह सम्मान भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के अंतर्गत स्वायत्त संस्था संगीत नाटक अकादमी द्वारा कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवा कलाकारों को प्रदान किया जाता है। ए के एस यूनिवर्सिटी के


एमपीए थिएटर एवं फिल्म द्वितीय सेमेस्टर के छात्र प्रसन्न कुमार सोनी लगभग दो दशकों से रंगमंच से जुड़े हैं। उन्होंने 40 से अधिक नाटकों में अभिनय, 20 से अधिक नाटकों का निर्देशन तथा 10 से अधिक मौलिक हिंदी नाटकों का लेखन किया है। नाट्य लेखन के क्षेत्र में उनके योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता देते हुए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया है।
प्रसन्न सोनी ने श्रीराम सेंटर रेपर्टरी कंपनी तथा राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय रेपर्टरी कंपनी, नई दिल्ली में कलाकार के रूप में कार्य किया है। रंगमंच विषय पर शोध के लिए उन्हें संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जूनियर रिसर्च फेलोशिप भी प्रदान की जा चुकी है। वे मध्यप्रदेश स्कूल ऑफ ड्रामा में एसोसिएट डायरेक्टर एवं लाइट डिज़ाइनर के रूप में कार्य कर चुके हैं तथा वर्तमान में श्रीराम सेंटर फॉर परफॉर्मिंग आर्ट्स, नई दिल्ली में विजिटिंग फैकल्टी के रूप में सेवाएं दे रहे हैं।
उन्होंने लगातार दो वर्षों तक इंडोनेशिया के बांडुंग इंटरनेशनल आर्ट्स फेस्टिवल में भाग लेकर भारतीय रंगमंच का प्रतिनिधित्व किया। वे वेब सीरीज ‘राख’ और ‘लैला’ में भी अभिनय कर चुके हैं। उनके द्वारा लिखित नाटक ‘सम्राट विक्रमादित्य’ का मध्यप्रदेश के विभिन्न नगरों में एक ही दिन में एक साथ मंचन किया गया था, जो रंगमंच के क्षेत्र में एक उल्लेखनीय उपलब्धि माना जाता है।
प्रसन्न सोनी अपने गृह जिले सीधी में संचालित सांस्कृतिक संस्था ‘रंगदूत’ के माध्यम से भी कला, संस्कृति और रंगमंच के प्रसार में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। संस्था द्वारा नाट्य कार्यशालाओं, सांस्कृतिक आयोजनों तथा युवा कलाकारों के प्रशिक्षण कार्यक्रमों का नियमित आयोजन किया जाता है।
इस उपलब्धि पर एकेएस विश्वविद्यालय के प्रो-चांसलर अनंत कुमार सोनी, कुलपति प्रो. बी. ए. चोपड़े, ए के एस विश्वविद्यालय के सहायक निदेशक, संस्कृतिक निदेशालय तथा परफॉर्मिंग आर्ट्स संकाय डॉ. दीपक मिश्रा एवं कोऑर्डिनेटर संस्कृतिक निदेशालय श्री बालकृष्ण मिश्रा एवं समस्त विभाग ने प्रसन्न कुमार सोनी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनकी सृजनात्मक प्रतिभा, निरंतर साधना और रंगमंच के प्रति समर्पण का राष्ट्रीय स्तर पर हुआ सम्मान है। यह उपलब्धि विश्वविद्यालय, विंध्य क्षेत्र और मध्यप्रदेश के लिए गौरव का विषय है।
विश्वविद्यालय परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रसन्न कुमार सोनी भविष्य में भी रंगमंच, साहित्य और फिल्म जगत में अपनी रचनात्मक उपस्थिति दर्ज कराते हुए नई पीढ़ी के कलाकारों को प्रेरित करेंगे तथा प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp