चित्रकूट- सती अनुसूया क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में जुटी चित्रकूट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना प्रभारी गिरजा शंकर बाजपेई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले से जुड़े दो संदिग्ध व्यक्तियों को प्रयागराज से हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ कर हत्या के पीछे की वजह और घटना में उनकी भूमिका की पड़ताल की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, सती अनुसूया मंदिर मार्ग के जंगल क्षेत्र में युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या किए जाने के बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस टीम प्रयागराज पहुंची, जहां से दो लोगों को पूछताछ के लिए उठाया गया।
हालांकि पुलिस ने अभी आधिकारिक रूप से गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है, लेकिन पूछताछ के बाद हत्याकांड से जुड़े कई अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और लोगों की निगाहें पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
अब देखना यह होगा कि सती अनुसूया हत्याकांड की इस रहस्यमयी कहानी से पर्दा कब उठता है और पुलिस असली आरोपियों तक कब पहुंचती है।