November 16, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

जनजातीय गौरव दिवस का भव्य महाकुंभ, लेकिन धरमजयगढ़ के हाथ खाली! जिला गठन से लेकर स्थानीय मांगों पर नहीं हुई कोई घोषणा !

1 min read
Spread the love

बस्तर से सरगुजा तक के कलाकारों ने बांधा समां, जनजाति समाज के लोग तेज धूप में बैठे दिखे; दिग्गज नेताओं की मौजूदगी के बावजूद स्थानीय उम्मीदें रह गईं अधूरी

धरमजयगढ़ – भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर 15 नवंबर को धरमजयगढ़ के ऐतिहासिक दशहरा मैदान में प्रदेश स्तरीय भव्य जनजातीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस आयोजन में प्रदेश की सत्ता और भाजपा संगठन के कई दिग्गज चेहरे एक मंच पर नजर आए। छत्तीसगढ़ प्रभारी स्मृति ईरानी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा सहित प्रदेश सरकार के मंत्री ओपी चौधरी, केदार कश्यप, रामविचार नेताम, सांसद बृजमोहन अग्रवाल और रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया ने कार्यक्रम में शिरकत की। इनके अलावा भाजपा के केंद्रीय, प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारी, स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता, जनजातीय समाज के समाज प्रमुख और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

हालांकि, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के भी इस कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद थी, लेकिन मौसम खराब होने के कारण उनका धरमजयगढ़ पहुंचना संभव नहीं हो सका। उनके आगमन को लेकर स्थानीय कार्यकर्ताओं और लोगों में विशेष उत्साह था।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण बस्तर, जशपुर, रायगढ़ और सरगुजा से पहुंचे कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। विभिन्न अंचलों के कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा, लोकनृत्य और लोकधुनों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और परंपराओं की मनमोहक झलक पेश की। कलाकारों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरे आयोजन स्थल पर लोकसंस्कृति और परंपराओं का रंग देखने को मिला।

इतने बड़े और भव्य आयोजन के बीच एक अप्रत्याशित दृश्य भी सामने आया। जहां मुख्य कार्यक्रम भव्य पंडाल के भीतर चल रहा था, वहीं पहाड़ी कोरवा जनजाति सहित अन्य लोगों को तेज धूप में खुले स्थान पर बैठे देखा गया। इनमें बुजुर्ग महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल थे। जनजातीय समाज के सम्मान और उत्थान को समर्पित कार्यक्रम में विशेष पिछड़ी जनजाति के लोगों को इस तरह धूप में बैठे देखना उपस्थित आम लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। एक ओर मंच से जनजातीय गौरव, अस्मिता और समाज के सम्मान की बातें हो रही थीं, वहीं दूसरी ओर कार्यक्रम में पहुंचे कुछ लोगों के लिए पर्याप्त छायादार बैठने की व्यवस्था नहीं होने का दृश्य आयोजन की व्यवस्थाओं पर ध्यान खींचता रहा।

इस पूरे आयोजन में सबसे अधिक चर्चा स्थानीय लोगों की अपेक्षाओं और उनके अधूरे रह जाने को लेकर रही। धरमजयगढ़ नगरवासियों की ओर से क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए लंबे समय से विभिन्न मांगें उठाई जाती रही हैं। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर नगर में एक बैनर के माध्यम से कुछ प्रमुख मांगों को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया था। इन मांगों में नगर पंचायत धरमजयगढ़ को नगरपालिका का दर्जा प्रदान करना, शहर में नवीन फायर ब्रिगेड केंद्र की स्थापना, रायगढ़ रोड, खरसिया रोड, जशपुर रोड एवं कापू रोड को आपस में जोड़ने के लिए रिंग रोड का निर्माण, शासकीय कला, विज्ञान एवं वाणिज्य महाविद्यालय को स्नातकोत्तर की मान्यता प्रदान करना तथा महाविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए छात्रावास निर्माण शामिल हैं।

इसके अलावा नगर में ऑडिटोरियम निर्माण, धरमजयगढ़ को जिला बनाने, 100 बिस्तरों वाले अस्पताल की स्थापना, नवीन हाईटेक बस स्टैंड निर्माण, नवीन ट्रांसपोर्ट नगर की स्थापना, शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज का निर्माण, मुक्ति धाम का जीर्णोद्धार तथा चौपाटी निर्माण की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई है। मुक्ति धाम के जीर्णोद्धार की मांग में कापू रोड एवं डोंगाभाठा स्थित मुक्तिधाम शामिल हैं। इन सभी मांगों के माध्यम से नगरवासियों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन, रोजगार और नगरीय सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता को सामने रखा है।

धरमजयगढ़ लंबे समय से जिला बनाए जाने की मांग को लेकर उम्मीद लगाए बैठा है। क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों, दूरस्थ ग्रामीण अंचलों और प्रशासनिक सुविधाओं की जरूरत को देखते हुए जिला गठन की मांग स्थानीय स्तर पर लगातार उठती रही है। ऐसे में जब मुख्यमंत्री सहित प्रदेश सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री, उपमुख्यमंत्री और सांसद धरमजयगढ़ की धरती पर मौजूद थे, तब स्थानीय लोगों को उम्मीद थी कि जिला गठन को लेकर कोई महत्वपूर्ण घोषणा हो सकती है।

इसके साथ ही भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापित करने की मांग पर भी सरकार की ओर से सकारात्मक पहल या घोषणा की अपेक्षा थी। जनजातीय गौरव दिवस जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापना की घोषणा स्थानीय जनभावनाओं से जुड़ा बड़ा संदेश हो सकती थी। लेकिन कार्यक्रम के दौरान जिला गठन, प्रतिमा स्थापना अथवा नगरवासियों की प्रदर्शित मांगों को लेकर कोई बड़ी घोषणा सामने नहीं आई।

निस्संदेह, धरमजयगढ़ के ऐतिहासिक दशहरा मैदान में इतना बड़ा प्रदेश स्तरीय आयोजन होना क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण रहा। राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के नेताओं की मौजूदगी, जनजातीय समाज की भागीदारी तथा विभिन्न अंचलों के कलाकारों की प्रस्तुतियों ने आयोजन को व्यापक पहचान दी। लेकिन स्थानीय लोगों के लिए किसी भी बड़े आयोजन का महत्व केवल उसकी भव्यता और नेताओं की मौजूदगी तक सीमित नहीं होता, बल्कि उससे क्षेत्र को मिलने वाले ठोस लाभ और विकास की उम्मीदें भी जुड़ी होती हैं।

15 नवंबर का आयोजन जनजातीय गौरव और सांस्कृतिक विरासत के उत्सव के रूप में याद किया जाएगा, लेकिन धरमजयगढ़ के लोगों के मन में जिला गठन, भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापना और नगरवासियों की प्रमुख मांगों को लेकर इंतजार अब भी बरकरार है। प्रदेश की सत्ता और संगठन के इतने बड़े चेहरे जब धरमजयगढ़ पहुंचे, तब स्थानीय लोगों को उम्मीद थी कि इस अवसर पर क्षेत्र के विकास को लेकर कुछ ठोस निर्णय सामने आएंगे। फिलहाल भव्य आयोजन के बाद भी धरमजयगढ़वासियों के हाथ निराशा ही लगी और विकास की घोषणाओं का इंतजार बरकरार है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp