15 नवंबर से जिले के 134 केंद्रों में शुरू होगी धान खरीदी, 1.28 लाख से अधिक किसानों को मिलेगा लाभ!
1 min read
जांजगीर-चांपा। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने जा रही है। जिले में धान खरीदी की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस वर्ष जिले के सभी 134 धान उपार्जन केंद्रों में 1 लाख 28 हजार 719 पंजीकृत किसान अपनी उपज बेच सकेंगे। धान खरीदी 15 जनवरी 2027 तक चलेगी।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में सभी उपार्जन केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। प्रत्येक केंद्र में नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है, ताकि किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो और खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से संचालित हो सके।
पांच नए केंद्रों से किसानों को मिलेगी राहतइस वर्ष जिले में पांच नवीन धान उपार्जन केंद्र प्रारंभ किए गए हैं। इनमें बम्हनीडीह विकासखंड के दुरपा, बलौदा विकासखंड के कुरदा (च) तथा नवागढ़ विकासखंड के कनस्दा, पचेड़ा एवं पोड़ी राछा शामिल हैं। नए केंद्र शुरू होने से संबंधित गांवों के किसानों को अब धान बेचने के लिए अधिक दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।
तुहर टोकन एप से 70 प्रतिशत टोकन जारी होंगे:
धान विक्रय के लिए ‘तुहर टोकन’ मोबाइल एप के माध्यम से टोकन जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कुल टोकन में से 70 प्रतिशत टोकन मोबाइल एप तथा 30 प्रतिशत टोकन संबंधित उपार्जन केंद्रों से जारी किए जाएंगे। कृषि भूमि के रकबे के अनुसार टोकन देने का प्रावधान किया गया है। इसके तहत दो एकड़ तक भूमि वाले किसानों को एक, दो से दस एकड़ तक भूमि वाले किसानों को दो तथा दस एकड़ से अधिक भूमि वाले किसानों को तीन टोकन जारी किए जाएंगे।
प्रति एकड़ 13,839 रुपये मिलेगी आदान सहायता:
किसानों के हित में राज्य सरकार द्वारा कृषक उन्नति योजना के तहत महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। अब निर्धारित अधिकतम मात्रा से कम धान बेचने वाले किसानों को भी प्रति एकड़ के मान से एक समान 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि मिलेगी। यानी प्रति एकड़ निर्धारित अधिकतम 21 क्विंटल से कम धान उपार्जन के लिए उपलब्ध कराने पर भी किसान को पात्रतानुसार आदान सहायता का लाभ दिया जाएगा।
सीसीटीवी से निगरानी, तीन स्थानों पर बनेंगे चेकपोस्ट:
धान खरीदी में पारदर्शिता बनाए रखने और अवैध धान की आवक रोकने के लिए प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। मार्कफेड द्वारा जिले के सभी 134 उपार्जन केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। वहीं अंतरजिला अवैध धान की आवक पर रोक लगाने के लिए तीन स्थानों पर चेकपोस्ट हेतु स्थल निर्धारित किए गए हैं।
केंद्रों की व्यवस्थाओं का 36 बिंदुओं की विस्तृत चेकलिस्ट के आधार पर परीक्षण एवं सत्यापन किया गया है। इनमें इलेक्ट्रॉनिक तौल यंत्र, बारदाना, बायोमेट्रिक उपकरण, आर्द्रतामापी, कंप्यूटर, इंटरनेट, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, प्राथमिक उपचार और कर्मचारियों की उपलब्धता जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
शिकायत के लिए जारी हुआ हेल्पलाइन नंबर:
धान खरीदी के दौरान किसानों एवं आम नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। किसान एवं आम नागरिक अपनी सूचना अथवा शिकायत दर्ज कराने के लिए 07817-222032 पर संपर्क कर सकते हैं।
जिला प्रशासन ने किसानों से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार टोकन प्राप्त कर उपार्जन केंद्रों में धान विक्रय करने तथा खरीदी व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।
Subscribe to my channel