October 3, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

15वें वित्त की राशि को लेकर ग्रामसभा में उठे सवाल, ग्रामीणों ने मांगा खर्च का पूरा ब्यौरा! ₹16.21 लाख के व्यय को लेकर पंचायत में चर्चा तेज, सरपंच-सचिव से जानकारी मांगते नजर आए ग्रामीण!

1 min read
Spread the love

जांजगीर-चांपा/पामगढ़, 03 अक्टूबर 2026। जनपद पंचायत पामगढ़ क्षेत्र की ग्राम पंचायत मेहंदी में 2 अक्टूबर को आयोजित ग्रामसभा के दौरान 15वें वित्त आयोग की राशि के उपयोग को लेकर ग्रामीणों ने कई सवाल उठाए। ग्रामीणों ने पंचायत में खर्च की गई राशि और कराए गए विभिन्न कार्यों का विस्तृत विवरण ग्रामसभा के सामने रखने की मांग की।

ग्रामसभा में सरपंच संतोषी अजगल्ले एवं पंचायत सचिव अश्वनी लहरे की मौजूदगी में पंचों और ग्रामीणों ने फर्नीचर खरीदी, नाली सफाई, शौचालय, हैंडपंप, स्ट्रीट लाइट सहित अन्य कार्यों पर हुए खर्च की जानकारी जाननी चाही। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें खर्च और कार्यों से संबंधित स्पष्ट जानकारी अपेक्षित रूप से नहीं मिल सकी, जिससे ग्रामसभा में चर्चा का माहौल गरमा गया।

पहले भी अधिकारियों को दी गई थी शिकायत:

बताया गया कि पंचायत में 15वें वित्त आयोग की राशि के उपयोग को लेकर उपसरपंच एवं पंचों द्वारा 22 सितंबर को कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ और जनपद पंचायत सीईओ को शिकायत प्रस्तुत की गई थी।

शिकायत में 31 मई 2025 से 27 अगस्त 2026 के बीच 15वें वित्त आयोग से खर्च की गई करीब ₹16.21 लाख की राशि के उपयोग, कार्यों एवं भुगतान से संबंधित अभिलेखों की जांच कराने की मांग की गई थी।

ग्रामसभा में एक बार फिर यह मुद्दा सामने आने के बाद ग्रामीणों ने पंचायत के वित्तीय अभिलेखों, कार्यों एवं भुगतान की जानकारी सार्वजनिक करने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग रखी।

फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की वास्तविकता संबंधित दस्तावेजों और सक्षम स्तर पर होने वाली जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp