Recent Posts

September 26, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

ए.के.एस. विश्वविद्यालय की सहभागिता में जोड़ा में अंतरराष्ट्रीय खनन सम्मेलन का भव्य समापन। सुरक्षित एवं सतत खनन पर वैश्विक मंथन, 59 से अधिक खनन कंपनियों और देश-विदेश के विशेषज्ञों ने साझा किए विचार।

1 min read
Spread the love


सतना/जोडा (ओडिशा)। भारत के प्रमुख लौह अयस्क खनन क्षेत्रों में शामिल ओडिशा के जोड़ा में सुरक्षित एवं सतत खनन प्रौद्योगिकी पर आयोजित पांचवें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का सफलतापूर्वक समापन हुआ। टाटा स्टील के जोड़ा परिसर में 19 एवं 20 सितंबर को आयोजित दो दिवसीय सम्मेलन में देश-विदेश के खनन विशेषज्ञों, वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों, उद्योग प्रतिनिधियों और तकनीकी विशेषज्ञों ने भविष्य के खनन क्षेत्र की चुनौतियों और संभावनाओं पर व्यापक विचार-विमर्श किया।


सम्मेलन में ए.के.एस. विश्वविद्यालय, सतना, माइनिंग इंजीनियर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एमईएआई) तथा उत्कल विश्वविद्यालय ज्ञान सहयोगी के रूप में सहभागी रहे। उद्घाटन सत्र में ए.के.एस. विश्वविद्यालय के प्रो चांसलर इंजीनियर अनंत कुमार सोनी, टाटा स्टील ओएमक्यू डिवीजन के महाप्रबंधक श्री देबाशीष जेना, सोना देवी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. पी.के. दास, आईबीएम भुवनेश्वर के क्षेत्रीय खान नियंत्रक श्री अरुण कुमार, ऑस्ट्रेलिया से आए खनन विशेषज्ञों, आईआईटी बॉम्बे के प्रो. टी.एन. सिंह एवं डॉ. जी.के. प्रधान सहित अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ उपस्थित रहे। सम्मेलन की अध्यक्षता प्रो. टी.एन. सिंह ने की।
सम्मेलन में स्वचालन, डिजिटल तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, आधुनिक खनन प्रणालियों, खनन सुरक्षा और पर्यावरणीय प्रबंधन जैसे विषयों पर विशेष चर्चा हुई। टाटा स्टील के ओएमक्यू डिवीजन में अपनाई जा रही आधुनिक खनन प्रक्रियाओं, कंप्यूटर आधारित प्रणालियों और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग को भी रेखांकित किया गया।
अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में 59 से अधिक खनन कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ आईआईटी खड़गपुर, आईआईटी भुवनेश्वर, सीएसआईआर-सीआईएमएफआर, एनआईआरएम बेंगलुरु, बीआईटी सिंदरी और एनआईटी राउरकेला सहित प्रमुख तकनीकी एवं शोध संस्थानों के विशेषज्ञों ने भाग लिया। दो दिनों में 50 से अधिक वैज्ञानिक एवं तकनीकी शोध-पत्रों पर प्रस्तुतियां एवं विशेषज्ञ चर्चाएं हुईं।
ए.के.एस. विश्वविद्यालय की ओर से 30 विद्यार्थियों ने सम्मेलन में सहभागिता की। विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों से आधुनिक खनन तकनीक, सुरक्षा प्रबंधन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, पर्यावरण संरक्षण और सतत खनन की नवीनतम जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिला।
सम्मेलन ने उद्योग, शिक्षण संस्थानों और शोध संगठनों के बीच ज्ञान, तकनीक और नवाचार के आदान-प्रदान के लिए महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया। जोड़ा में आयोजित यह आयोजन सुरक्षित, स्मार्ट और पर्यावरण-अनुकूल खनन की दिशा में वैश्विक सहयोग को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण अवसर बना।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp