जांजगीर-चांपा में 26 नवंबर को लगेगा रोजगार मेला, 140 पदों पर होगी भर्ती; 10वीं पास से स्नातक तक के युवाओं को मौका!
1 min read
जांजगीर-चांपा। जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार पाने का सुनहरा अवसर सामने आया है। जिला रोजगार कार्यालय जांजगीर-चांपा द्वारा आगामी 26 नवंबर 2026, गुरुवार को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला शासकीय आईटीआई कुलीपोटा, जांजगीर परिसर में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा।
जिला रोजगार अधिकारी के अनुसार, रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों एवं संस्थाओं द्वारा कुल 140 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। इसमें श्रीराम फाइनेंस कॉर्पोरेशन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा फाइनेंशियल कंसल्टेंट के 10, कलेक्शन ऑफिसर के 10 तथा इंश्योरेंस एडवाइजर के 10 पदों पर भर्ती की जाएगी।
इसी प्रकार भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) द्वारा बीमा सखी के 20 पद, वेदांता स्किल स्कूल बाल्को कोरबा द्वारा होटल मैनेजमेंट के 25 एवं सिलाई मशीन ऑपरेटर के 35 पद तथा आदर्श होम हेल्थ केयर सर्विस सोसायटी रायपुर द्वारा केयर टेकर के 30 पदों पर चयन किया जाएगा।
10वीं, 12वीं और स्नातक पास युवाओं को मिलेगा अवसर:
इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता 10वीं, 12वीं एवं स्नातक निर्धारित की गई है। चयनित अभ्यर्थियों को पद के अनुसार 7,000 रुपये से 18,000 रुपये तक मासिक वेतन एवं अन्य भत्ते दिए जाएंगे। चयनित युवाओं का कार्यक्षेत्र जांजगीर, चांपा, सक्ती सहित छत्तीसगढ़ के अन्य जिले होंगे।
ये दस्तावेज लेकर पहुंचें अभ्यर्थी:
रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक युवाओं को अपने समस्त शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्रों तथा जिला रोजगार कार्यालय का रोजगार पंजीयन कार्ड लेकर निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होना होगा।
जिला रोजगार कार्यालय ने इच्छुक युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने और रोजगार मेले में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। भर्ती एवं अन्य विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला रोजगार कार्यालय जांजगीर-चांपा से संपर्क कर सकते हैं।
Subscribe to my channel