Recent Posts

November 22, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर: बेमौसम बारिश और तेज हवाओं से धान की फसल पर संकट, किसानों को सतर्क रहने की सलाह!

1 min read
Spread the love



जांजगीर-चांपा, 20 नवंबर 2026।   जिले में चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से हो रही असामयिक बारिश और तेज हवाओं को देखते हुए किसानों की चिंता बढ़ गई है। खेतों में खड़ी फसल के साथ-साथ कटाई के बाद खेतों और खलिहानों में रखी धान की फसल को भी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई है। इसे देखते हुए कृषि विभाग द्वारा किसानों को फसल सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।


किसानों से अपील की गई है कि कटाई के बाद खेतों में सुखाने के लिए रखी धान की फसल को जल्द से जल्द ऊंचे और सूखे स्थान पर सुरक्षित रखें। फसल को बारिश से बचाने के लिए पॉलिथीन या तिरपाल से अच्छी तरह ढकें। वहीं, मौसम साफ होने पर भीगी हुई धान की फसल को धूप में फैलाकर अच्छी तरह सुखाएं, ताकि नमी के कारण फफूंदी लगने और अनाज की गुणवत्ता खराब होने से बचाया जा सके। खेतों में पानी भरने की स्थिति में जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने की भी सलाह दी गई है।


फसल खराब होने पर 72 घंटे के भीतर दें सूचना:


प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत बीमित फसलों को चक्रवाती तूफान एवं असामयिक वर्षा से नुकसान होने पर किसानों को निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखना होगा। फसल क्षति की स्थिति में किसान घटना के 72 घंटे के भीतर कृषि रक्षक पोर्टल के टोल फ्री नंबर 14447 अथवा क्रॉप इंश्योरेंस ऐप के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।


इसके अलावा संबंधित बीमा कंपनी या कृषि विभाग को भी फसल नुकसान की जानकारी दी जा सकती है। शिकायत प्राप्त होने के बाद बीमा कंपनी द्वारा निर्धारित नियमों एवं प्रक्रिया के अनुसार फसल क्षति का सर्वेक्षण कराया जाएगा।


किसानों से सतर्कता बरतने की अपील:


प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि बदलते मौसम को देखते हुए अपनी फसल की सुरक्षा के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाएं। किसी भी प्रकार की फसल क्षति होने पर बिना देरी किए 72 घंटे के भीतर सूचना दर्ज कराएं, ताकि पात्र किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत नियमानुसार बीमा दावा राशि का लाभ मिल सके।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp