पामगढ़ सीएचसी में रात-दिन सेवा का दावा, लेकिन मरीज परेशान!
1 min read
जांजगीर-चांपा/पामगढ़, 11 अगस्त 2026। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ में चौबीसों घंटे स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने का दावा किया जा रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत अलग है। मरीजों और इलाके के लोगों का आरोप है कि डॉक्टर व स्वास्थ्य कर्मी तय समय पर मौजूद नहीं मिलते। नतीजतन इलाज और जांच के लिए आने वाले मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

अस्पताल प्रशासन भले ही 24×7 सेवा का दावा करे, लेकिन मरीजों का कहना है कि कई मौकों पर उन्हें जरूरी सुविधाएं समय से नहीं मिल पातीं। खासतौर पर दूसरी शिफ्ट में एक्स-रे, लैब टेस्ट और ईसीजी जैसी जांचों को लेकर शिकायतें लगातार आ रही हैं। कई मरीज बताते हैं कि मशीन खराब बताकर उन्हें वापस भेज दिया जाता है, जिससे दूर गांवों से आए लोगों की मुश्किलें और बढ़ जाती हैं।
ब्लॉक मेडिकल अधिकारी की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि डॉक्टरों और कर्मचारियों पर ठीक से नजर नहीं रखी जा रही। कई बार स्टाफ निर्धारित ड्यूटी पर नहीं पहुंचता। वहीं अस्पताल में ऑपरेशन थिएटर का निर्माण होने के बावजूद इसकी नियमित उपलब्धता को लेकर भी स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
ग्रामीण क्षेत्रों के लोग कह रहे हैं कि पामगढ़ सीएचसी अब इलाज का केंद्र कम और रेफर करने वाला केंद्र ज्यादा लगने लगा है। गर्भवती महिलाओं समेत जरूरतमंद मरीजों को समय पर डॉक्टर, जांच और इलाज न मिलने के कारण अक्सर उन्हें दूसरे अस्पतालों में भेज दिया जाता है। लोग स्वास्थ्य विभाग से मांग कर रहे हैं कि अचानक निरीक्षण कर डॉक्टरों की उपस्थिति, स्टाफ की ड्यूटी, जांच सुविधाओं और ऑपरेशन थिएटर की असल स्थिति की जांच की जाए।
मरीजों और स्थानीय नागरिकों की मांग है कि अस्पताल में डॉक्टर व स्टाफ की नियमित मौजूदगी सुनिश्चित की जाए और जांच सुविधाएं समय पर उपलब्ध हों, ताकि आम आदमी को इलाज के लिए दर-दर न भटकना पड़े।
Subscribe to my channel