जिले के 15 शासकीय कार्यालयों में आधार केंद्र संचालन के लिए आवेदन आमंत्रित
1 min read
आधार ऑपरेटर के 15 पदों के लिए चयन प्रक्रिया शुरू, 12वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थी कर सकते हैं आवेदन — 17 अगस्त शाम 5 बजे तक स्पीड पोस्ट से भेजना होगा आवेदन

रायगढ़ जिले के 15 शासकीय कार्यालयों में आधार केंद्र संचालन के लिए आधार संचालक/ऑपरेटर के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कलेक्टर एवं अध्यक्ष, जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी रायगढ़ द्वारा जारी विज्ञापन के अनुसार चयनित अभ्यर्थियों को संबंधित शासकीय कार्यालयों में आधार संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी दी जाएगी। आवेदन 17 अगस्त 2026 को शाम 5 बजे तक निर्धारित पते पर केवल स्पीड पोस्ट के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे।
जारी विज्ञापन के अनुसार जिले के रायगढ़, पुसौर, खरसिया, तमनार, घरघोड़ा, लैलूंगा और धरमजयगढ़ क्षेत्र के चयनित शासकीय कार्यालयों में आधार केंद्र संचालित किए जाने हैं। विज्ञापन में कुल 15 शासकीय कार्यालयों का उल्लेख किया गया है।

12वीं पास होना जरूरी
आधार संचालक/ऑपरेटर के रूप में चयन के लिए अभ्यर्थी का कम से कम 12वीं कक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। इसके साथ ही आधार केंद्र संचालन के लिए 1.50 लाख रुपये की सुरक्षा जमा राशि जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी के खाते में जमा करने में सक्षम होना जरूरी होगा। अभ्यर्थी को थाना अथवा पुलिस कार्यालय द्वारा जारी चरित्र प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत करना होगा।

विज्ञापन में यह भी स्पष्ट किया गया है कि पूर्व अथवा वर्तमान में कार्यरत आधार केंद्र संचालक/ऑपरेटर की स्टेशन आईडी में किसी प्रकार की पेनल्टी राशि भुगतान के लिए लंबित नहीं होनी चाहिए। आधार ऑपरेटर के लिए NSEIT द्वारा आयोजित EA Supervisor/Operator परीक्षा उत्तीर्ण करना आवश्यक होगा, जिसके बाद यूआईडीएआई द्वारा पंजीयन नंबर प्रदान किया जाता है।
इसके अलावा आधार ऑपरेटर का रायगढ़ जिले का मूल निवासी होना जरूरी है। जिस अभ्यर्थी की Enrollment Agency CHIPS है, वही आधार ऑपरेटर के रूप में आवेदन कर सकेगा।
एक अभ्यर्थी केवल एक कार्यालय के लिए कर सकेगा आवेदन
चयन प्रक्रिया में एक अभ्यर्थी द्वारा केवल एक ही शासकीय कार्यालय के लिए आवेदन किया जा सकेगा। एक से अधिक आवेदन अथवा आवेदन पत्र में एक से अधिक कार्यालयों का नाम होने पर अभ्यर्थी के सभी आवेदन निरस्त किए जाएंगे।
पूर्व से शासकीय भवनों में आधार संचालन कर रहे ऑपरेटरों को चयन में प्राथमिकता देने का प्रावधान भी रखा गया है। वहीं जिन शासकीय भवनों में वर्तमान में आधार पंजीयन नहीं हो रहा है और वहां एक से अधिक आवेदन प्राप्त होते हैं, वहां पंजीकृत आधार ऑपरेटरों की आईडी की पुरानियत के आधार पर वरीयता सूची तैयार की जाएगी।
चयन के बाद सात दिन में दस्तावेज जमा करना होगा
चयन होने के बाद अभ्यर्थी को पात्रता से संबंधित दस्तावेज सात दिवस के भीतर कार्यालय में जमा करना अनिवार्य होगा। संबंधित दस्तावेजों की जांच के बाद ही आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। चयनित अभ्यर्थी से जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी के साथ अनुबंध भी कराया जाएगा और आधार ऑपरेटर को अनुबंध की सभी शर्तों को मानना होगा।
विज्ञापन के अनुसार चयनित आधार ऑपरेटर को निर्धारित शासकीय कार्यालय में कार्यालयीन दिवस एवं समयानुसार स्वयं उपस्थित होकर सेवाएं प्रदान करनी होंगी। आवश्यकता के अनुसार जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी चयनित ऑपरेटर को किसी अन्य शासकीय कार्यालय में स्थानांतरित भी कर सकती है। इसके अलावा समय-समय पर आयोजित होने वाले विभागीय शिविरों एवं आधार पंजीयन शिविरों में भी ऑपरेटर को अपनी सेवाएं देनी होंगी।
मेरिट के आधार पर चयन, प्रतीक्षा सूची तीन माह के लिए
आधार केंद्रों की संख्या के अनुसार मेरिट क्रम में चयनित अभ्यर्थियों की सूची तथा प्रतीक्षा सूची तैयार की जाएगी। प्रतीक्षा सूची तीन माह के लिए वैध रहेगी। चयनित अभ्यर्थी द्वारा कार्य नहीं करने, यूआईडीएआई द्वारा आईडी निलंबित किए जाने अथवा अन्य निर्धारित परिस्थितियों में प्रतीक्षा सूची में शामिल अभ्यर्थियों को क्रमशः अवसर दिया जा सकेगा।
चयनित अभ्यर्थियों का आवश्यकता पड़ने पर चरित्र सत्यापन भी कराया जाएगा। प्रतिकूल टिप्पणी पाए जाने की स्थिति में अनुबंध समाप्त करने की कार्रवाई की जा सकती है।
1.50 लाख रुपये की सुरक्षा राशि महत्वपूर्ण शर्त
चयन प्रक्रिया की महत्वपूर्ण शर्तों में चयन के पश्चात 1 लाख 50 हजार रुपये की सुरक्षा राशि जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी रायगढ़ के बैंक खाते में जमा करना शामिल है। इसके बाद ही चयनित अभ्यर्थी को आधार ऑपरेटर के रूप में कार्य करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
जारी विज्ञापन में यह भी कहा गया है कि चयन के संबंध में चयन समिति का निर्णय अंतिम एवं सर्वमान्य होगा।
आवेदन भेजने की अंतिम तिथि 17 अगस्त 2026 शाम 5 बजे निर्धारित की गई है। आवेदन केवल स्पीड पोस्ट के माध्यम से कार्यालय कलेक्टर, जिला रायगढ़, जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी, कक्ष क्रमांक 48, जिला रायगढ़, पिन-496001 के पते पर भेजे जा सकेंगे।
Subscribe to my channel