सिंजेंटा फाउंडेशन इंडिया के प्रशिक्षण से ए.के.एस. विश्वविद्यालय के कृषि विद्यार्थियों का कौशल निखरा
1 min read
सतना। ए.के.एस. विश्वविद्यालय, सतना के कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संकाय के 28 विद्यार्थियों ने सिंजेंटा फाउंडेशन इंडिया द्वारा सहकारी प्रशिक्षण केंद्र, जबलपुर में आयोजित 23 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण किया। 6 जुलाई से 28 जुलाई 2026 तक आयोजित यह प्रशिक्षण विश्वविद्यालय के ग्रामीण कृषि कार्यानुभव (आरएडब्ल्यूई) एवं कृषि-औद्योगिक प्रशिक्षण (एआईए) कार्यक्रम के अंतर्गत संपन्न हुआ।

प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक कृषि तकनीकों, कृषि व्यवसाय, कृषि उद्यमिता, व्यक्तित्व विकास, संचार कौशल, नेतृत्व क्षमता तथा रोजगारोन्मुख दक्षताओं का व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना था। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करते हुए आधुनिक कृषि पद्धतियों, व्यावसायिक अवसरों तथा टीम प्रबंधन की बारीकियों को समझा।
प्रशिक्षण में नीलाद्रि मोहापात्रा, भगवान पटेल एवं अर्चिका अवसारे ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए कृषि क्षेत्र में उभरते अवसरों और नवीन तकनीकों की जानकारी दी। कार्यक्रम के सफल संचालन में आरएडब्ल्यूई एवं एआईए समन्वयक श्री अनूप शुक्ला की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने विद्यार्थियों का निरंतर मार्गदर्शन करते हुए उन्हें प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर शुभकामनाएँ दीं।
विश्वविद्यालय के प्रो-चांसलर इंजी. अनंत कुमार सोनी, कुलपति प्रो. बी. ए. चोपड़े, कृषि संकाय के अधिष्ठाता डॉ. ए. के. भौमिक तथा कृषि विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. नीरज वर्मा ने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि ए.के.एस. विश्वविद्यालय समय-समय पर ऐसे कौशल आधारित एवं रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण आयोजित कर विद्यार्थियों को उद्योगों और प्रतिष्ठित संस्थानों से जोड़ता है, जिससे वे व्यावहारिक अनुभव प्राप्त कर कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं सफल करियर स्थापित कर सकें।
Subscribe to my channel