July 31, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

धरमजयगढ़ की सड़कों ने खोला विकास का सच, जहाँ से गुजरना भी बन रहा जोखिम!

1 min read
Spread the love

धरमजयगढ़ – नगर पंचायत क्षेत्र की मुख्य सड़कों की बदहाल स्थिति अब आम लोगों के लिए परेशानी ही नहीं बल्कि संभावित हादसों का कारण भी बनती जा रही है। सड़क किनारों की कमजोर भराई और धंसती जमीन के कारण लगातार वाहन फंसने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे नगर पंचायत की कार्यप्रणाली और मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।


मंगलवार को गांधी चौक के पास एक चार पहिया वाहन सड़क किनारे धंस गया। स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद वाहन को बाहर निकाला जा सका। बताया जा रहा है कि नल कनेक्शन की मरम्मत के लिए खोदे गए गड्ढे की समुचित भराई नहीं किए जाने के कारण सड़क का किनारा कमजोर हो गया था और वाहन उसमें धंस गया।


घटना के अगले ही दिन बुधवार को लगभग उसी स्थान पर एक छोटा हाथी वाहन भी सड़क में फंस गया। उसे निकालने के लिए दूसरे वाहन का सहारा लेना पड़ा। इतना ही नहीं, बुधवार को भारतीय स्टेट बैंक के सामने स्वयं नगर पंचायत का वाहन भी सड़क किनारे धंस गया, जिसे एक ऑटो की सहायता से बाहर निकाला गया।


लगातार दो दिनों में तीन वाहनों के धंसने की घटनाओं ने नगर की सड़कों की वास्तविक स्थिति उजागर कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क किनारों की मजबूती, गड्ढों की वैज्ञानिक तरीके से भराई और गुणवत्ता की जांच नहीं की गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।


अब सवाल यह है कि जब नगर पंचायत का अपना वाहन भी सुरक्षित नहीं है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा? नगरवासियों ने प्रशासन से तत्काल सड़क मरम्मत की मांग की है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp