July 31, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

गौरव पथ’ बना खतरे का रास्ता! गड्ढों और कीचड़ के बीच जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर लोग !

1 min read
Spread the love


धरमजयगढ़ – नगर पंचायत धरमजयगढ़ के हृदय स्थल से होकर गुजरने वाला लाखों रुपये की लागत से निर्मित ‘गौरव पथ’ आज अपनी बदहाली की कहानी खुद बयां कर रहा है। गांधी चौक से पीपरमार चौक तक फैला यह प्रमुख मार्ग अब गौरव का नहीं, बल्कि लोगों के लिए चिंता और खतरे का प्रतीक बन चुका है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे और जानलेवा गड्ढे हर दिन किसी बड़े हादसे की आशंका को बढ़ा रहे हैं।


लगातार हो रही बारिश ने इस मार्ग की स्थिति को और भी भयावह बना दिया है। गड्ढों में भरे पानी के कारण उनकी गहराई का अनुमान लगाना मुश्किल हो जाता है, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल राहगीरों की जान हर पल जोखिम में रहती है। हालात ऐसे हैं कि लोग अब इस सड़क पर चलने से भी कतरा रहे हैं और मजबूरी में किनारों से बचते-बचाते निकलने को विवश हैं। आए दिन वाहन क्षतिग्रस्त होने और दुर्घटनाओं की घटनाएं सामने आ रही हैं।


सबसे चिंताजनक बात यह है कि नगर के सबसे व्यस्त और महत्वपूर्ण मार्ग की यह दुर्दशा लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन स्थानीय प्रशासन और नगर पंचायत की ओर से अब तक कोई ठोस पहल दिखाई नहीं दे रही है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कई बार समस्या से अवगत कराने के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई, जिससे लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।


सड़क पर फैले कीचड़ और गड्ढों का असर केवल आवागमन तक सीमित नहीं है। मार्ग के किनारे संचालित दुकानों का व्यापार भी प्रभावित हो रहा है, क्योंकि ग्राहक इस रास्ते से आने से बचने लगे हैं। वहीं बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों के लिए इस मार्ग से गुजरना किसी जोखिम भरे अभियान से कम नहीं रह गया है।


यदि समय रहते इस सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई, तो यह लापरवाही किसी भी दिन बड़े और गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। अब देखना यह होगा कि नगर पंचायत और प्रशासन इस जर्जर ‘गौरव पथ’ को फिर से वास्तव में गौरव का मार्ग बना पाते हैं या लोगों को यूँ ही खतरे के साए में सफर करने के लिए छोड़ दिया जाएगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp