कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने ली साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की शिकायतों का समयबद्ध व संतोषजनक निराकरण करने के निर्देश, ई-अटेंडेंस अनिवार्य
1 min read
जांजगीर-चांपा, 28 जुलाई 2026। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर लंबित प्रकरणों, शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन तथा विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में प्राप्त शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों का शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी प्रतिदिन स्वयं शिकायतों की समीक्षा करें और प्रत्येक प्रकरण का संतोषजनक समाधान करें। शिकायतों के निराकरण में गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने ई-ऑफिस प्रणाली का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि डिजिटल व्यवस्था से कार्यों में पारदर्शिता, गति और जवाबदेही बढ़ती है। सभी अधिकारी नियमित रूप से ई-ऑफिस का उपयोग करें।
ई-अटेंडेंस अनिवार्य, अनुपस्थिति पर कार्रवाईसभी विभागों में ई-अटेंडेंस प्रणाली का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कलेक्टर ने कहा कि अधिकारी-कर्मचारी निर्धारित समय पर नियमित रूप से ई-अटेंडेंस दर्ज करें। बिना उचित कारण के ई-अटेंडेंस न दर्ज करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी कर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। विभाग प्रमुख ई-अटेंडेंस की नियमित मॉनिटरिंग करें।
स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमामय बनाने के निर्देश15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस मुख्य समारोह की तैयारियों के संबंध में कलेक्टर ने अधिकारियों को दायित्व सौंपते हुए कहा कि कार्यक्रम गरिमामय ढंग से आयोजित हो और सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण हों। कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, परेड, बैठक व्यवस्था, साज-सज्जा, पेयजल, पार्किंग, सुरक्षा सहित सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाएं। ध्वजारोहण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी व शहीद परिवारों के सम्मान के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए गए।
सेवा सेतु, निर्माण कार्य और एग्रीस्टेक पर जोरसेवा सेतु एप के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की विभागवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्धारित समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को समय पर सेवाएं उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे कराए जाएं। संबंधित अधिकारी नियमित निरीक्षण कर प्रगति और गुणवत्ता की निगरानी करें। विभागीय निर्माण कार्यों की अद्यतन जानकारी जांजगीर-चांपा निर्माण पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड की जाए।
एग्रीस्टेक पंजीयन सभी किसानों के लिए अनिवार्य बताते हुए कलेक्टर ने कहा कि अभियान चलाकर शेष पंजीयन पूर्ण कराने सुनिश्चित करें।
बैठक में पंचायत, लोक निर्माण, शिक्षा, विद्युत, खाद्य, सहकारिता, नगरीय प्रशासन, मत्स्य पालन, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री ज्ञानेन्द्र सिंह, अपर कलेक्टर श्री आर.के. तम्बोली, अपर कलेक्टर श्रीमती स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर श्री संदीप ठाकुर सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
Subscribe to my channel