नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र की अग्रणी कंपनी ग्रीयू एनर्जी में एकेएस विश्वविद्यालय के 10 विद्यार्थियों का चयन
1 min read
सतना। नैक प्रत्यायित एवं विश्वविद्यालय अनुदान आयोग से मान्यता प्राप्त एकेएस विश्वविद्यालय, सतना के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपनी तकनीकी दक्षता, व्यावहारिक कौशल एवं औद्योगिक तैयारी का उत्कृष्ट परिचय देते हुए नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र की अग्रणी कंपनी ग्रीयू एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड में ₹3.25 लाख (₹3,25,000) वार्षिक वेतन पैकेज पर चयन प्राप्त किया है। यह उपलब्धि विश्वविद्यालय की उद्योगोन्मुखी शिक्षण प्रणाली, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण तथा सुदृढ़ प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट व्यवस्था की प्रभावशीलता का प्रमाण है।

चयनित विद्यार्थियों में डिप्लोमा मैकेनिकल से रितेश सिंह बैस, नितिन पांडे, संजय सेन एवं अश्विनी कुमार प्रजापति तथा डिप्लोमा इलेक्ट्रिकल से अभय राज प्रजापति, भुनेश्वर साहू, पंकज सिंह, सुभाष सिंह, आकाश सिंगरौल एवं प्रताप सिंह शामिल हैं। इस प्रकार विश्वविद्यालय के कुल 10 विद्यार्थियों ने प्रतिष्ठित कंपनी में अपनी प्रतिभा के बल पर स्थान सुनिश्चित किया।

कंपनी के मानव संसाधन प्रबंधक ने चयनित विद्यार्थियों को उनके दायित्वों से अवगत कराते हुए बताया कि इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के अभ्यर्थी ट्रांसफॉर्मर, एलटी एवं एचटी पैनल, मोटर एवं ड्राइव्स के संचालन एवं अनुरक्षण, विद्युत तंत्र में उत्पन्न तकनीकी दोषों के त्वरित निदान, पीएलसी एवं स्काडा आधारित स्वचालन प्रणालियों के संचालन, ऊर्जा निगरानी, विद्युत वितरण, लोड प्रबंधन तथा विद्युत सुरक्षा मानकों के अनुपालन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों का निर्वहन करेंगे।

वहीं मैकेनिकल इंजीनियरिंग के विद्यार्थी औद्योगिक संयंत्रों की रोटेटिंग मशीनरी, पंप, कन्वेयर, कंप्रेसर एवं यूटिलिटी सिस्टम के निवारक एवं ब्रेकडाउन अनुरक्षण, स्थापना, संरेखण, तकनीकी समस्या-निवारण तथा उत्पादन दक्षता में वृद्धि के लिए अभियंताओं की टीम के साथ कार्य करेंगे। साथ ही उन्हें यांत्रिक सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए तकनीकी अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण की जिम्मेदारी भी सौंपी जाएगी।

प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट अधिकारी बालेंद्र विश्वकर्मा, सहायक प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट अधिकारी मनोज सिंह तथा प्रफुल्ल गौतम ने चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि तकनीकी ज्ञान, अनुशासन, नवाचार और कार्यनिष्ठा ही दीर्घकालिक सफलता के आधार हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपेक्षा व्यक्त की कि वे अपनी कार्यकुशलता, सकारात्मक दृष्टिकोण और उत्कृष्ट प्रदर्शन से कंपनी तथा विश्वविद्यालय दोनों की प्रतिष्ठा में निरंतर वृद्धि करेंगे।





Subscribe to my channel