बिना अनुमति भवन निर्माण करना पड़ सकता है भारी, नगर पंचायत ने थमाया नोटिस !
1 min read

धरमजयगढ़ – नगर पंचायत धरमजयगढ़ ने बिना भवन निर्माण अनुज्ञा के निर्माण कार्य करने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत द्वारा कई लोगों को नोटिस जारी कर निर्माण कार्य तत्काल रोकने तथा नियमानुसार भवन निर्माण अनुज्ञा प्राप्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी नोटिसों में उल्लेख किया गया है कि बिना भवन निर्माण अनुमति के निर्माण कार्य किया जाना नगरपालिका अधिनियम, 1961 की धारा 187(1) के प्रावधानों का उल्लंघन है। संबंधित लोगों को निर्देशित किया गया है कि वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ भवन निर्माण अनुज्ञा के लिए आवेदन प्रस्तुत करें। साथ ही यह भी चेतावनी दी गई है कि नियमों का पालन नहीं करने पर अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
नगर पंचायत की इस कार्रवाई से क्षेत्र में बिना अनुमति निर्माण कराने वालों में हलचल देखी जा रही है। माना जा रहा है कि प्रशासन अब ऐसे मामलों में सख्ती बरतने के मूड में है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी कार्रवाई जारी रह सकती है।
नगर पंचायत की इस पहल को आम नागरिकों के लिए भी एक महत्वपूर्ण संदेश माना जा रहा है कि भवन निर्माण शुरू करने से पहले संबंधित निकाय से विधिवत भवन निर्माण अनुज्ञा लेना आवश्यक है। अन्यथा निर्माण कार्य रुक सकता है और आवश्यक कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।
हालांकि, यह भी ध्यान देने योग्य है कि जिन लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं, उन्हें अपना पक्ष रखने और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कर नियमानुसार भवन निर्माण अनुज्ञा प्राप्त करने का अवसर भी दिया गया है।
अब सवाल यह है कि नगर पंचायत की यह कार्रवाई क्या सभी नियम विरुद्ध निर्माणों पर समान रूप से लागू होगी या फिर कुछ लोगों तक ही सीमित रह जाएगी? ऐसे में लोगों की नजर इस बात पर रहेगी कि प्रशासन निष्पक्ष और समान कार्रवाई करता है या फिर कार्रवाई केवल चुनिंदा लोगों तक सीमित रहती है। आने वाले दिनों में यह स्पष्ट होगा कि नियमों के पालन में सभी के साथ एक जैसा व्यवहार किया जाता है या फिर ‘चेहरा देखकर तिलक’ लगाने जैसी स्थिति देखने को मिलती है।
Subscribe to my channel