खबर का असर: धरमजयगढ़ ‘डाइट’ संस्थान का रास्ता दूधिया रोशनी से नहाया
1 min read
प्रशासन ने त्वरित संज्ञान लेकर सुधारी विद्युत व्यवस्था

रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में स्थित जिले के एकमात्र प्रतिष्ठित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET) के पहुंच मार्ग पर पसरे अंधेरे की खबर का प्रशासन ने त्वरित संज्ञान लिया है। समाचार प्रकाशित होने के तत्काल बाद स्थानीय प्रशासन और विद्युत विभाग हरकत में आया, जिसके फलस्वरूप रविवार रात को इस पूरे मार्ग की विद्युत व्यवस्था सुचारू कर दी गई। अब इस रास्ते के सभी खंभों पर लगी लाइटें जगमगा उठी हैं।

अंधेरे के आगोश में था एकमात्र प्रतिष्ठित संस्थान का मार्ग
गौरतलब है कि धरमजयगढ़ स्थित यह संस्थान पूरे जिले के लिए शिक्षा और प्रशिक्षण का एक प्रमुख केंद्र है। इसके बावजूद, पिछले कुछ समय से इस बेहद महत्वपूर्ण मार्ग पर रात होते ही चारों ओर घाना अंधेरा पसर जाता था। राहगीरों, संस्थान के कर्मचारियों और प्रशिक्षणार्थियों को रात्रि के समय इस मार्ग से गुजरने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था और सुरक्षा को लेकर भी चिंताएं बनी हुई थीं।
मीडिया में खबर आते ही प्रशासन ने दिखाई तत्परता
इस गंभीर समस्या को लेकर जैसे ही मीडिया में ‘अंधेरे में डूबा डाइट संस्थान का मार्ग’ शीर्षक से प्रमुखता से खबर प्रकाशित की गई, स्थानीय प्रशासन ने बिना देर किए मामले को संज्ञान में लिया। देर शाम आनन-फानन में टीम भेजकर मार्ग की बंद पड़ी लाइटों को सुधारा गया।

रविवार रात रोशनी से जगमगाया रास्ता
प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई का असर रविवार रात को साफ देखने को मिला। कल तक जो रास्ता शाम ढलते ही सूना और अंधेरे में डूबा नजर आता था, वहां रविवार रात को सभी खंभों की लाइटें जलती हुई नजर आईं। इस त्वरित सुधार के बाद स्थानीय नागरिकों, संस्थान के स्टाफ और यहां आने-जाने वाले लोगों ने राहत की सांस ली है और प्रशासन के इस त्वरित कदम की सराहना की है।
Subscribe to my channel