नवीन शैक्षणिक सत्र की तैयारियों को लेकर कलेक्टर ने ली शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक, 16 जून को नये शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ, सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश
1 min read
जांजगीर-चांपा, 16 जून 2026। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 की तैयारियों को लेकर शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन के अनुसार 16 जून से नियमित कक्षाएं प्रारंभ होनी हैं, इसलिए शाला प्रवेशोत्सव एवं समस्त शिक्षण व्यवस्था संबंधी तैयारियां समय पर पूर्ण कर ली जाएं।

बैठक में कलेक्टर महोबे ने कहा कि विद्यालय खुलने के पहले दिन नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं तथा सभी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया जाए। बच्चों को सकारात्मक, प्रेरणादायक और उत्साहपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे खुशी के साथ विद्यालय आएं।
मुख्य निर्देश:
• विद्यार्थियों को समय पर गणवेश, पाठ्यपुस्तकें, साइकिल एवं अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री का वितरण सुनिश्चित किया जाए।
• आगामी तीन माह का रोडमैप एवं नवीन शैक्षणिक सत्र की कार्ययोजना तैयार कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए।
• जिला शिक्षा अधिकारी सहित सभी अधिकारियों को नियमित रूप से विद्यालयों का निरीक्षण करने और शैक्षणिक गतिविधियों की सतत निगरानी रखने के निर्देश।
• मेधावी विद्यार्थियों, नियमित उपस्थिति रखने वाले छात्रों, खेलकूद, वृक्षारोपण एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों का सम्मान किया जाए, ताकि अन्य विद्यार्थी प्रेरित हों।
कलेक्टर ने सेवानिवृत्त शिक्षकों के अनुभव का लाभ विद्यार्थियों को उपलब्ध कराने की दिशा में भी पहल करने को कहा। मध्यान्ह भोजन योजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित मेनू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण एवं गर्म भोजन सभी बच्चों को उपलब्ध कराया जाए।
अन्य महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश:
• शाला प्रबंधन समितियों का गठन शीघ्र पूर्ण किया जाए।
• विद्यालय प्रारंभ होने से पहले सभी शाला भवनों, कक्षाओं एवं परिसर की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक कार्य पूर्ण कर लिए जाएं।
• जर्जर एवं असुरक्षित भवनों में कक्षाएं संचालित न की जाएं।
• शिक्षकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, समय पर पाठ्यक्रम पूरा कराया जाए तथा अनावश्यक अवकाश पर सख्त नियंत्रण रखा जाए।
• शाला त्यागी बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने, उपस्थिति बढ़ाने और ड्रॉपआउट दर कम करने के लिए विशेष कार्ययोजना बनाकर प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए।
कलेक्टर श्री महोबे ने कहा कि नवीन शिक्षा सत्र की शुरुआत विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी एवं गुणवत्तापूर्ण वातावरण में हो, इसके लिए सभी अधिकारी, कर्मचारी और शिक्षक पूर्ण समन्वय के साथ कार्य करें।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी श्री अशोक सिन्हा, विकासखंड शिक्षा अधिकारीगण सहित शिक्षा विभाग के संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
Subscribe to my channel