टेफे मोटर्स एंड ट्रैक्टर्स लिमिटेड में ए.के.एस. विश्वविद्यालय के 30 विद्यार्थियों का चयन
1 min read
सतना। ए.के.एस. विश्वविद्यालय ने प्लेसमेंट के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए डिप्लोमा (मैकेनिकल एवं इलेक्ट्रिकल) के 30 विद्यार्थियों का चयन प्रतिष्ठित कंपनी टेफे मोटर्स एंड ट्रैक्टर्स लिमिटेड में डिप्लोमा इंजीनियर ट्रेनी (डीईटी) पद पर सुनिश्चित किया है। विद्यार्थियों की इस सफलता से विश्वविद्यालय परिवार में हर्ष का वातावरण है।

मध्य भारत के अग्रणी एवं नैक मान्यता प्राप्त ए.के.एस. विश्वविद्यालय तकनीकी शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और उद्योग आधारित प्रशिक्षण के क्षेत्र में निरंतर नए आयाम स्थापित कर रहा है। विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि उन्हें उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष एवं रोजगारोन्मुखी पेशेवर बनाना है।
टेफे मोटर्स एंड ट्रैक्टर्स लिमिटेड (TAFE) भारत की अग्रणी ट्रैक्टर एवं कृषि यंत्र निर्माण कंपनियों में से एक है। कंपनी आधुनिक कृषि तकनीकों, इंजीनियरिंग उत्कृष्टता और वैश्विक गुणवत्ता मानकों के लिए जानी जाती है। कृषि यंत्रीकरण के क्षेत्र में कंपनी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों में इसकी सशक्त उपस्थिति है।

विश्वविद्यालय के प्रो-चांसलर अनंत कुमार सोनी ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि आज उद्योग जगत केवल तकनीकी ज्ञान रखने वाले युवाओं की तलाश नहीं कर रहा है, बल्कि ऐसे पेशेवरों को अवसर दे रहा है जो नवाचार की सोच रखते हों, चुनौतियों का समाधान कर सकें और बदलती तकनीकों के अनुरूप स्वयं को विकसित करने की क्षमता रखते हों।

उन्होंने कहा कि ए.के.एस. विश्वविद्यालय विद्यार्थियों में यही गुण विकसित करने के लिए सतत प्रयासरत है। विद्यार्थियों का यह चयन इस बात का प्रमाण है कि विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, उद्योगोन्मुखी प्रशिक्षण एवं कॉर्पोरेट जगत से मजबूत जुड़ाव उन्हें सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रहा है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में और अधिक राष्ट्रीय एवं बहुराष्ट्रीय कंपनियां विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को रोजगार के अवसर प्रदान करेंगी।

प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट प्रमुख बालेंद्र विश्वकर्मा ने कहा कि प्लेसमेंट किसी विद्यार्थी के शैक्षणिक जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव होता है। यह केवल नौकरी प्राप्त करने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि उसकी तकनीकी दक्षता, व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि चयनित विद्यार्थियों ने अपने प्रदर्शन से यह सिद्ध किया है कि समर्पण, सतत प्रयास और सही मार्गदर्शन के साथ किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

उन्होंने यह भी कहा कि उद्योग जगत का ए.के.एस. विश्वविद्यालय पर बढ़ता विश्वास विद्यार्थियों के लिए नए अवसरों के द्वार खोल रहा है।
इस उपलब्धि पर प्रफुल्ल गौतम, मनोज सिंह, डॉ. रमा शुक्ला तथा डॉ. श्रीहरि पांडे सहित विश्वविद्यालय परिवार के सभी शिक्षकों एवं अधिकारियों ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की कामना की है।

विश्वविद्यालय प्रबंधन ने आशा व्यक्त की है कि चयनित विद्यार्थी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से न केवल कंपनी में नई पहचान बनाएंगे, बल्कि ए.के.एस. विश्वविद्यालय का नाम भी गौरवान्वित करेंगे।








Subscribe to my channel