आईएआरआई के शोधार्थियों ने ए के एस विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को दिए प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के मंत्र
1 min read
सतना। राष्ट्रीय स्तर की कृषि एवं उच्च शिक्षा संबंधी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर ए के एस विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञान संकाय में विशेष मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (आईएआरआई) के पीएचडी शोधार्थियों के समूह “टीम कृषि” ने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की रणनीति, समय प्रबंधन और सफलता के महत्वपूर्ण सूत्रों से अवगत कराया।

कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के प्रति कुलाधिपति ई. अनंत कुमार सोनी के मार्गदर्शन तथा कृषि विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता डॉ. अशोक कुमार भौमिक के आमंत्रण पर किया गया। टीम कृषि के प्रियांशु पवार, सत्यम, ललित, अंकित, रामेश्वर एवं राहुल ने विभिन्न विषयों पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश एवं प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए आवश्यक बारीकियों पर प्रकाश डाला।

विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को लक्ष्य आधारित अध्ययन, नियमित अभ्यास तथा सही रणनीति के महत्व को समझाते हुए कृषि क्षेत्र में उपलब्ध उच्च शिक्षा एवं शोध के अवसरों की जानकारी भी दी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं फैकल्टी सदस्यों ने सहभागिता की। विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में सभी विभागाध्यक्षों के साथ अनूप शुक्ला, डॉ. लाल बहादुर सिंह, डॉ. विष्णु उमर, अमित बागड़ी, प्रो. त्रिपाठी, अमित तिवारी, शिवराम प्रजापति एवं आदित्य पटेल का विशेष योगदान रहा। अंत में विस्तार शिक्षा विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. राफिया अमीन ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Subscribe to my channel