सप्तमी की रात देर तक चलता रहा दर्शन-पूजन का सिलसिला, भव्य मंचीय कार्यक्रमों और मीना बाजार में भी उमड़ा जनसैलाब
धरमजयगढ़। नगर के दशहरा मैदान में शारदीय नवरात्रि की सप्तमी पर जगतजननी माँ जगदम्बा के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। माता के दर्शन के लिए देर रात तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। पूरा मैदान भक्तिमय माहौल से सराबोर नजर आया और श्रद्धालुओं में माता के दर्शन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
दशहरा मैदान में एक ओर माँ जगदम्बा के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ जुटी रही, वहीं दूसरी ओर भव्य मंच पर आयोजित कार्यक्रमों ने लोगों का भरपूर मनोरंजन किया। बच्चों से लेकर बड़ों तक में मीना बाजार को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। मनोरंजन के विभिन्न साधनों और बाजार की रौनक के बीच देर रात तक लोगों की आवाजाही बनी रही।
आयोजन समिति की ओर से श्रद्धालुओं और दर्शकों की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। नवरात्रि के आगामी दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना है। ऐसे में दशहरा मैदान में आने वाले दिनों में रौनक और बढ़ने की उम्मीद है। भक्ति, आस्था और मनोरंजन के संगम के रूप में दशहरा मैदान इन दिनों नगरवासियों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।