शौर्य संकल्प योजना से युवाओं को मिलेगा नई दिशा और बेहतर भविष्य
1 min read
सेना एवं पुलिस भर्ती की तैयारी के लिए अनूपपुर में 45 दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण शुरू

यशपाल जाट अनूपपुर।
मध्यप्रदेश शासन की “शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना 2026” के अंतर्गत अनूपपुर जिले में पिछड़ा वर्ग के युवाओं के लिए 45 दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) परिसर में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर हर्षल पंचोली ने युवाओं को अनुशासन, नियमित अभ्यास और सकारात्मक सोच के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने के लिए प्रेरित किया।
कलेक्टर हर्षल पंचोली ने कहा कि शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना युवाओं को सेना एवं पुलिस भर्ती की शारीरिक तथा लिखित परीक्षाओं की तैयारी कराने की एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि आज का युवा ऊर्जा और प्रतिभा से परिपूर्ण है, आवश्यकता केवल सही दिशा और मार्गदर्शन की है। यदि युवाओं को उचित प्रशिक्षण और अवसर मिले तो वे जीवन में नए मुकाम हासिल कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय प्रतियोगिता का दौर है, इसलिए विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर पूरी मेहनत और समर्पण के साथ तैयारी करनी चाहिए। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को विज्ञान, गणित, इतिहास, भूगोल सहित विभिन्न विषयों की तैयारी कराई जाएगी। साथ ही साप्ताहिक टेस्ट और रैंकिंग प्रणाली के माध्यम से उनकी प्रगति का मूल्यांकन भी किया जाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत उपाध्यक्ष पार्वती वाल्मीकि राठौर ने कहा कि यह योजना विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और शारीरिक क्षमता विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने युवाओं से प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने और राष्ट्रसेवा के लिए स्वयं को तैयार करने का आह्वान किया।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अर्चना कुमारी ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं के भीतर सेवा भावना, आत्मविश्वास और देशभक्ति को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि यह योजना युवाओं को मानसिक और शारीरिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है।
कार्यक्रम में सेना से सेवानिवृत्त सूबेदार संतोष चतुर्वेदी ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और सेना भर्ती की तैयारियों से जुड़े अनुभव साझा किए।
इस अवसर पर कलेक्टर हर्षल पंचोली, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पार्वती वाल्मीकि राठौर एवं सीईओ जिला पंचायत अर्चना कुमारी ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। साथ ही चयनित विद्यार्थियों को पाठ्य सामग्री भी वितरित की गई।
सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विभाग मंजूला सिंद्रे ने बताया कि योजना के अंतर्गत प्रशिक्षण पूरी तरह निःशुल्क रहेगा तथा विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप का लाभ भी दिया जाएगा। प्रशिक्षण अवधि में प्रतिदिन प्रातः एवं सायंकाल शारीरिक दक्षता से संबंधित अभ्यास भी कराया जाएगा। प्रशिक्षण पूर्ण होने पर प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।
कार्यक्रम में सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग सरिता नायक, निरीक्षक पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विभाग निकिता भलावी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



Subscribe to my channel