ए.के.एस. विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने एमपीऑनलाइन आईटी पार्क में जाना तकनीक और संवाद का महत्व।
1 min read
सतना। तकनीकी शिक्षा को वास्तविक उद्योग जगत से जोड़ने की दिशा में ए.के.एस. विश्वविद्यालय, सतना के कंप्यूटर साइंस विभाग के 30 विद्यार्थियों ने भोपाल स्थित एमपी ऑनलाइन का औद्योगिक भ्रमण किया। यह यात्रा विद्यार्थियों के लिए केवल एक शैक्षणिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि तकनीक, संवाद कौशल और कार्य संस्कृति को नजदीक से समझने का अवसर बन गई।

एमपीऑनलाइन के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली से परिचित कराया। तकनीकी विशेषज्ञों ने कियोस्क सिस्टम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि किस प्रकार यह प्रणाली आम नागरिकों तक सेवाएँ पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। विद्यार्थियों ने सेवा वितरण की प्रक्रियाओं को रुचि और उत्साह के साथ समझा।
मानव संसाधन विभाग के विशेषज्ञों ने प्रभावी संचार कौशल के महत्व पर विशेष चर्चा की। उन्होंने कहा कि एक सफल डेवलपर केवल तकनीकी रूप से दक्ष नहीं होता, बल्कि बेहतर संवाद क्षमता के माध्यम से क्लाइंट की आवश्यकताओं को समझकर उत्कृष्ट समाधान भी प्रदान करता है। विद्यार्थियों को कंपनी के विभिन्न सेक्शन और विभागों का भ्रमण कराया गया, जिससे उन्हें उद्योग जगत की वास्तविक कार्यप्रणाली का अनुभव प्राप्त हुआ। शैक्षणिक सत्र के बाद विद्यार्थियों ने अपर लेक व्यू क्षेत्र का भ्रमण किया। शांत जलराशि और प्राकृतिक सौंदर्य के बीच विद्यार्थियों ने यादगार पल बिताए तथा समूह फोटोग्राफी के माध्यम से इस अनुभव को संजोया।
यह औद्योगिक भ्रमण कंप्यूटर साइंस विभाग के सहायक प्राध्यापक संतोष सोनी एवं संचिता द्विवेदी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस पहल की सराहना सीएसई विभागाध्यक्ष डॉ. चंद्रशेखर गौतम, सीएस विभागाध्यक्ष डॉ. प्रमोद सिंह तथा डीन सीएस डॉ. अखिलेश ए.वाऊ ने की। उन्होंने कहा कि ऐसे भ्रमण विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान करते हैं, जो उनके भविष्य निर्माण में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होते हैं।
विद्यार्थियों के लिए यह दिन ज्ञान, अनुभव और प्रेरणा से भरपूर रहा।
Subscribe to my channel