बुजुर्ग महिला की संदिग्ध मौत, नातिन घायल हालत में मिली धरमजयगढ़ के मुड़ाटीकरा मोहल्ले में सनसनी !
1 min read

रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ नगर क्षेत्र के चिकटवानी वार्ड स्थित मुड़ाटीकरा मोहल्ले में शनिवार को एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटनाक्रम सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। मोहल्ले की 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला मेरीना लकड़ा की लाश उनके घर के भीतर संदिग्ध परिस्थितियों में मिली, जबकि उनकी लगभग 9 वर्षीय नातिन पास के ही एक कमरे में गंभीर रूप से घायल अवस्था में पाई गई।

घटना की खबर फैलते ही पूरे मोहल्ले में सनसनी फैल गई और लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घर के भीतर जांच शुरू करते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ की।
वहीं गंभीर रूप से घायल बच्ची को प्राथमिक उपचार के लिए सिविल अस्पताल धरमजयगढ़ लाया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बच्ची के सिर में गंभीर अंदरूनी चोटें आने की आशंका जताई जा रही हैं। बताया जा रहा है कि हालत को गंभीर देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए रायगढ़ रेफर कर किया जा सकता है ।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच में जुटी हुई है। घटना के पीछे की वजह क्या है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। वहीं पूरे मामले की सबसे अहम कड़ी घायल बच्ची को माना जा रहा है। पुलिस और परिजनों को उम्मीद है कि बच्ची के स्वस्थ होने के बाद उसका बयान इस रहस्यमयी घटना से पर्दा उठाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।

Subscribe to my channel