May 15, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

जल जीवन मिशन योजनाओं की मॉनिटरिंग जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता : कलेक्टर

1 min read
Spread the love

जल दर्पण एप से होगी नल-जल योजनाओं की निगरानी, रोजगार सहायकों को किया जाएगा ऑनबोर्ड

जल जीवन मिशन योजनाओं की मॉनिटरिंग जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता : कलेक्टर

अनूपपुर, 14 मई 2026 | यशपाल जाट

जिले में जल जीवन मिशन अंतर्गत संचालित नल-जल योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग और सुचारू संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर हर्षल पंचोली ने स्पष्ट कहा कि जल जीवन मिशन शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं में शामिल है और प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

कलेक्ट्रेट स्थित नर्मदा सभागार में आयोजित लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नल-जल योजनाओं की मॉनिटरिंग “जल दर्पण” एप के माध्यम से नियमित रूप से सुनिश्चित की जाए, ताकि योजनाओं की वास्तविक स्थिति, संचालन और शिकायतों की पारदर्शी निगरानी हो सके।

बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि जिले में कुल 371 नल-जल परियोजनाओं का संचालन किया जा रहा है। इनमें से 278 परियोजनाएं हैंडओवर की जा चुकी हैं, जबकि 93 परियोजनाएं ट्रायल फेज में संचालित हैं। इसके अलावा 49 परियोजनाओं पर अभी कार्य प्रगति पर है। कलेक्टर ने परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित उपयंत्रियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर ने ग्राम पंचायत स्तर पर योजनाओं की वास्तविक स्थिति जानने के लिए “जल दर्पण” पोर्टल पर रोजगार सहायकों को ऑनबोर्ड करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रोजगार सहायकों द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के आधार पर संबंधित उपयंत्री योजनाओं की समस्याओं का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करेंगे और प्रतिदिन मॉनिटरिंग करेंगे। इसके लिए रोजगार सहायकों को आवश्यक प्रशिक्षण देने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में नल-जल योजनाओं से जुड़ी विद्युत समस्याओं पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि कई जगह बिजली मीटर लगाए बिना ही बिजली बिल भेजे जा रहे हैं। इस पर कलेक्टर ने विद्युत विभाग को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और ग्राम पंचायत सचिवों के साथ समन्वय बनाकर शीघ्र मीटर लगाने तथा बिजली बिल संबंधी शिकायतों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने नल-जल योजनाओं के हस्तांतरण कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि प्रत्येक सप्ताह योजनाओं का हस्तांतरण कार्यक्रम आयोजित किया जाए तथा मई माह में प्रत्येक विकासखंड में कम से कम एक कार्यक्रम अनिवार्य रूप से कराया जाए।

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अर्चना कुमारी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री अमित शाह, विद्युत विभाग के अधिकारी, सहायक यंत्री, उपयंत्री, कर्मचारी एवं संविदाकार उपस्थित थे।।।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp