अंतरराष्ट्रीय कार्यशाला में ए.के.एस. विश्वविद्यालय के डॉ. उमेश कुमार सोनी ने दिए विशेषज्ञ व्याख्यान
1 min read
सतना।ए.के.एस. विश्वविद्यालय के विद्युत अभियांत्रिकी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. उमेश कुमार सोनी ने अंतरराष्ट्रीय कार्यशाला “फ्यूल सेल्स : सस्टेनेबल सॉल्यूशन फॉर फ्यूचर इलेक्ट्रिक मोबिलिटी” (ईंधन सेल : भविष्य की विद्युत गतिशीलता के लिए सतत समाधान) में एकल वक्ता के रूप में तीन दिवसीय विशेषज्ञ व्याख्यान प्रदान किए। कार्यशाला का आयोजन इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ बिजनेस एग्रीकल्चर एंड टेक्नोलॉजी, ढाका के विद्युत अभियांत्रिकी विभाग एवं आईईईई स्टूडेंट ब्रांच द्वारा किया गया।

कार्यशाला के दौरान डॉ. सोनी ने हाइड्रोजन उत्पादन तकनीक, विभिन्न प्रकार के फ्यूल सेल्स की संरचना एवं कार्यप्रणाली, मैटलैब/सिमुलिंक आधारित गणितीय मॉडलिंग, बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली, इलेक्ट्रिक वाहन, माइक्रोग्रिड तथा यूटिलिटी ग्रिड के पावर प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण तकनीकी विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सतत ऊर्जा प्रणालियों में फ्यूल सेल तकनीक की उपयोगिता और भविष्य की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला।
तीन दिवसीय इस कार्यशाला में देश-विदेश के 171 प्रतिभागियों ने पंजीयन कराया, जिनमें लगभग 100 प्रतिभागियों ने नियमित सहभागिता की। डॉ. सोनी ने कार्यशाला में सह-संयोजक की भूमिका भी निभाई। विश्वविद्यालय के प्राध्यापक एवं छात्रों ने भी सक्रिय सहभागिता कर प्रमाण पत्र प्राप्त किए। यह कार्यशाला प्रतिभागियों के लिए स्वच्छ एवं सतत ऊर्जा तकनीकों की तकनीकी और व्यावहारिक समझ विकसित करने में अत्यंत उपयोगी सिद्ध हुई।
Subscribe to my channel