धरमजयगढ़ क्षेत्र में गर्मी की दस्तक के साथ ही बिजली व्यवस्था की खामियां खुलकर सामने आने लगी हैं। लगातार हो रही बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या ने लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। हालात ऐसे हैं कि कई इलाकों में घंटों तक बिजली गुल रहती है, और जब बिजली आती भी है तो वोल्टेज इतना कम होता है कि पंखे तक सही से नहीं चल पाते। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अभी गर्मी की शुरुआत में ही यह स्थिति है, तो मई-जून की भीषण गर्मी में हालात और बदतर हो सकते हैं। बिजली की अनियमितता के कारण घरों के साथ-साथ छोटे व्यापारियों और विद्यार्थियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस गंभीर समस्या पर क्षेत्र के जिम्मेदार और सक्रिय माने जाने वाले लोग भी खामोश नजर आ रहे हैं। न तो जनप्रतिनिधियों की ओर से कोई ठोस पहल दिख रही है और न ही उन समूहों की सक्रियता, जो आमतौर पर ऐसे मुद्दों को उठाने के लिए जाने जाते हैं। वहीं, क्षेत्र में विकास की बड़ी उम्मीदों के साथ प्रस्तुत की गई जल विद्युत परियोजना को लेकर भी अब सवाल उठने लगे हैं। जिस परियोजना को कभी बेहतर बिजली आपूर्ति का आधार बताया गया था, वर्तमान हालात उससे बिल्कुल विपरीत तस्वीर पेश कर रहे हैं। क्षेत्रवासियों में बढ़ती नाराजगी साफ तौर पर यह संकेत दे रही है कि यदि जल्द ही बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो यह समस्या आने वाले समय में और विकराल रूप ले सकती है।