August 5, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

एल.एड. और बी.एड. प्रवेश 2026: 5 अगस्त से शुरू होगी ऑनलाइन काउंसलिंग, एससीईआरटी ने जारी किए विस्तृत दिशा-निर्देश

1 min read
Spread the love

.
रायपुर। शिक्षक बनने का सपना देख रहे हजारों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी), छत्तीसगढ़ ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए डी.एल.एड. एवं बी.एड. प्रवेश की ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया 5 अगस्त से शुरू करने की घोषणा की है। परिषद ने प्रवेश प्रक्रिया को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश और चरणबद्ध प्रक्रिया भी जारी कर दी है।
निर्देशों के अनुसार पूरी प्रवेश प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। अभ्यर्थियों को निर्धारित पोर्टल पर पंजीयन करने के बाद आवेदन पत्र भरना होगा। आवेदन में व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षणिक विवरण, आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने के साथ अपनी पसंद के महाविद्यालयों का चयन भी करना होगा।
परिषद ने स्पष्ट किया है कि महाविद्यालयों का आवंटन अभ्यर्थियों की मेरिट और उनके द्वारा भरे गए विकल्पों के आधार पर किया जाएगा। चयन सूची जारी होने के बाद संबंधित महाविद्यालय में निर्धारित समय-सीमा के भीतर मूल दस्तावेजों का सत्यापन कराना अनिवार्य होगा। निर्धारित समय में प्रवेश प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाले अभ्यर्थियों का आवंटन स्वतः निरस्त माना जाएगा।
एससीईआरटी ने अभ्यर्थियों को आवेदन भरते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। आवेदन में दर्ज की गई जानकारी सही होना आवश्यक है तथा महाविद्यालयों के विकल्प सोच-समझकर भरने होंगे। विकल्प लॉक होने के बाद उनमें संशोधन की सुविधा प्रवेश नियमों के अनुसार ही उपलब्ध रहेगी। प्रवेश मिलने के बाद संस्थान परिवर्तन अथवा पारस्परिक स्थानांतरण का कोई प्रावधान नहीं रहेगा।
परिषद ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार करने के बजाय समय रहते ऑनलाइन आवेदन एवं काउंसलिंग की सभी औपचारिकताएं पूरी करें। किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या या जानकारी के लिए एससीईआरटी द्वारा जारी हेल्पलाइन और ई-मेल के माध्यम से संपर्क किया जा सकता है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp